विजयराघवगढ़ से बरही तक 30 किमी लंबी तिरंगा बाइक रैली में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, विधायक श्री पाठक हुए शामिल।
विधायक संजय पाठक के मुख्य आतिथ्य में 2500 मोटरसाइकिलों के साथ जिले की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा, पुष्पवर्षा और नारों से गुंजा पूरा मार्ग।
विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP:
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देश की आज़ादी के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए विजयराघवगढ़ से बरही तक 30 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवाहन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार आयोजित इस यात्रा में क्षेत्र के कोने-कोने से कार्यकर्ता, युवा, महिला और वरिष्ठजन शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक संजय पाठक ने यात्रा का नेतृत्व करते हुए पूरे मार्ग में जनता का अभिनंदन स्वीकार किया और युवाओं को राष्ट्रप्रेम तथा एकता का संदेश दिया।
2500 मोटरसाइकिलों के साथ निकली यह रैली जिले की अब तक की सबसे बड़ी तिरंगा यात्रा मानी जा रही है। यात्रा विजयराघवगढ़ नगर से आरंभ होकर बीच-बीच में अनेक ग्रामों से होते हुए बरही पहुंची। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हाथों में तिरंगे लहराते हुए यात्रा में शामिल हुए, जबकि "वंदे मातरम्" और "भारत माता की जय" के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।
विधायक संजय पाठक ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि हमारे शौर्य, बलिदान और देश की अखंडता का सजीव प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हजारों मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लेकर चले इन कार्यकर्ताओं और ग्रामीणजनों ने आज एक ऐसा संदेश दिया है जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगा। उन्होंने समस्त प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर विधायक संजय पाठक के साथ नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष पालक ग्रोवर, विजयराघवगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी दुबे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, जिलामहामंत्री सतीश तिवारी, जिलाउपाध्यक्ष श्रीमती यादव, विजयराघवगढ़ विधानसभा के छहों मंडल अध्यक्ष श्रीराम सोनी, भवानी राजा मिश्रा, विवेक सिंह, प्रमोद सोनी, मनोज तिवारी, अरुण पटेल सहित हजारों भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बरही पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मंच से विधायक संजय पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर जवानों को नमन करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा हर भारतीय की पहचान है और इसे ऊंचा रखना हमारा धर्म और कर्तव्य दोनों है।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, जोश और एकता की मिसाल देखने को मिली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हुई इस यात्रा ने न केवल जिले के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा बल्कि देशभक्ति की लौ को और प्रज्वलित कर दिया।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी
संपर्क:9977110734