छोटे से गांव के होनहार हर्ष रजक ने 90.67% अंक हासिल कर बढ़ाया सिलौंडी क्षेत्र का मान।
गोपालपुर हरदुआ के छात्र की सफलता ने पेश की मिसाल,भारतीय सेना में जाने का सपना लेकर कर रहा आगे की तैयारी।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बीच भी यदि लगन और मेहनत हो तो सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है। इसका सजीव उदाहरण प्रस्तुत किया है गोपालपुर हरदुआ जैसे छोटे से गांव के छात्र हर्ष रजक ने, जिन्होंने कक्षा 8वीं में 90.67 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे सिलौंडी क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
हर्ष रजक, पिता भगवत प्रसाद रजक, ने अपनी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से यह सिद्ध कर दिया है कि सफलता केवल बड़े शहरों और सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम के बल पर गांव का विद्यार्थी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकता है।
परिवार और गांव के सामान्य माहौल में पले-बढ़े हर्ष ने अपनी पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीरता दिखाई। नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में गर्व की भावना देखी जा रही है।
हर्ष रजक का सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना है। उनके भीतर देशभक्ति की भावना बचपन से ही देखने को मिलती है और वे अपने इस लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनकी यह सोच अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
ग्रामीण क्षेत्र के इस प्रतिभाशाली छात्र की सफलता ने यह संदेश दिया है कि यदि सही दिशा, मेहनत और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। स्थानीय नागरिकों और शिक्षकों ने हर्ष की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
