अवैध मुरूम परिवहन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई,हाईवा जप्त।

 अवैध मुरूम परिवहन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई,हाईवा जप्त।

उमरिया पान पुलिस ने देवी जागरण ड्यूटी के दौरान पकड़ा हाइवा,बिना दस्तावेज मुरूम ले जा रहा था चालक,खनिज विभाग को भेजा प्रकरण।

उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP।

जिले में अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना उमरिया पान पुलिस ने सतर्कता और सक्रियता का परिचय देते हुए अवैध रूप से मुरूम परिवहन करते एक हाईवा वाहन को जप्त कर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में अवैध गतिविधियों, विशेष रूप से खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के दिशा निर्देशन में थाना प्रभारी उमरिया पान उप निरीक्षक महेंद्र जायसवाल द्वारा अपनी टीम के साथ मुस्तैदी से कार्यवाही की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 26 मार्च 2026 को पुलिस टीम ग्राम परसेल में आयोजित देवी जागरण कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान परसेल स्थित खेरमाई मंदिर के सामने एक हाईवा वाहन क्रमांक एमपी20एच-4832 संदिग्ध परिस्थितियों में धीरे-धीरे गुजरता हुआ दिखाई दिया। वाहन की गति और गतिविधि को देखते हुए पुलिस टीम को संदेह हुआ, जिसके बाद तत्काल वाहन को रोककर जांच की गई।

वाहन को रोकने के बाद पुलिस ने चालक से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम अजय लोधी पिता राधेलाल लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरौदा थाना उमरिया पान जिला कटनी बताया। इसके बाद जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें मुरूम पूरी तरह से भरी हुई पाई गई। पुलिस द्वारा चालक से मुरूम परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

बिना किसी वैध अनुमति और दस्तावेज के मुरूम परिवहन करते पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए हाईवा वाहन को जप्त कर लिया। साथ ही चालक के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 04/2026 धारा 106 बीएनएसएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण को कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज विभाग कटनी को प्रेषित किया गया है, जहां नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल की नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। टीम में प्रधान आरक्षक योगेंद्र सिंह, आरक्षक योगेश पटेल एवं रोहित झारिया ने तत्परता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिसके चलते यह कार्रवाई सफल हो सकी।

उल्लेखनीय है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन लंबे समय से एक गंभीर समस्या बना हुआ है, जिससे शासन को राजस्व की हानि के साथ-साथ पर्यावरणीय असंतुलन भी उत्पन्न होता है। पुलिस और प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई कर ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी पुलिस द्वारा इसी प्रकार की सघन जांच और कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी।:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post