वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को सौंपा गया ज़िम्मेदारी का नया दायित्व, कटनी जिले में व्यापक स्तर पर होंगे केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलनात्मक कार्यक्रम।
महंगाई, बेरोजगारी, उद्योगों के पतन और समाज के कमजोर वर्गों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में कांग्रेस का जनजागरण अभियान, जातिगत जनगणना को सफलता मानते हुए संविधान बचाओ कार्यक्रम भी होंगे आयोजित।
कटनी, ग्रामीण खबर mp:
देशभर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, छोटे एवं मध्यम उद्योगों की बदहाली, तथा समाज के कमजोर वर्गों—दलित, आदिवासी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिलाओं—पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में कांग्रेस पार्टी अब जनजागरण अभियान की दिशा में सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी में कटनी जिले में भी कांग्रेस आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है, जिसकी ज़िम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने और देश के संविधान की रक्षा के लिए एकजुट प्रयास कर रही है। पार्टी का स्पष्ट मत है कि भाजपा शासनकाल में न केवल लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हो रही हैं, बल्कि आर्थिक असमानता और सामाजिक अन्याय भी चरम पर पहुंच गया है। विशेष रूप से दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के साथ हो रही घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं।
श्री चौहान ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जो जातिगत जनगणना की मांग वर्षों से की जा रही थी, उसे अंततः केंद्र सरकार को मानना पड़ा। यह कांग्रेस पार्टी की एक बड़ी वैचारिक और जनहितैषी जीत है, जिसे जनता तक पहुंचाने के लिए "संविधान बचाओ" एवं "हक़ की गिनती करो" जैसे विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर तथा जिला प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी एवं सह प्रभारी विक्रमादित्य सिंह की सहमति से कटनी जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं मोर्चा संगठनों के लिए वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो इन अभियानों को ज़मीनी स्तर पर सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिन वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे इस प्रकार हैं:
कटनी शहर ब्लॉक क्रमांक 2: रमाकांत पाठक (पूर्व जिला अध्यक्ष)
मुड़वारा ब्लॉक: मिथलेश जैन (पूर्व जिला अध्यक्ष)
रीठी ब्लॉक: ठाकुर गुमान सिंह (पूर्व जिला अध्यक्ष)
कटनी शहर ब्लॉक क्रमांक 1: सुनील मिश्रा (पूर्व विधायक)
बहोरीबंद ब्लॉक: सौरभ सिंह (पूर्व विधायक)
सलीमनाबाद ब्लॉक: प्रियदर्शन गौर (पूर्व जिला अध्यक्ष)
माधव नगर ब्लॉक: झम्मटमल थारवानी (जिला कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष)
जिला शहर कांग्रेस: प्रेम बत्रा (कोषाध्यक्ष)
ढीमरखेड़ा ब्लॉक: रविंद्र वाजपेई (पूर्व प्रदेश सचिव)
बरही उप ब्लॉक: विजय राघवेंद्र सिंह (पूर्व विधायक)
विजयराघवगढ़ ब्लॉक: अमित शुक्ला (जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष)
जिला महिला कांग्रेस: जहांआरा बेगम (पूर्व जनपद अध्यक्ष)
बाकल उप ब्लॉक: डॉक्टर के एल जैन (वरिष्ठ कांग्रेस नेता)
बड़वारा ब्लॉक: पदमा शुक्ला एवं मीनाक्षी बलवी
बिलहरी उप ब्लॉक: महेंद्र जैन (कार्यकारी अध्यक्ष)
*एनएसयूआई: राकेश जैन (पूर्व प्रदेश महामंत्री)
*सिंगोड़ी उप ब्लॉक: विजय पटेल (पूर्व अध्यक्ष)
कांग्रेस पार्षद दल: मनोज गुप्ता (पूर्व पार्षद)
जिला युवा कांग्रेस: राम नरेश त्रिपाठी (अध्यक्ष, शिक्षा प्रकोष्ठ)
जिला सेवा दल: विवेक पांडे (पूर्व प्रदेश सचिव)
विभाग एवं प्रकोष्ठ: राजा जगवानी (कार्यकारी अध्यक्ष)
पूर्व पार्षद दल: राजाराम यादव एवं शंकर सेन (पूर्व वरिष्ठ पार्षद)
देवरी हटाई उप ब्लॉक: रनजीत सिंह (पूर्व अध्यक्ष, एसटी कांग्रेस)
कांग्रेस पार्टी का मानना है कि अब समय आ गया है जब जनता को सच्चाई से अवगत कराया जाए और संविधान, सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता के पक्ष में एक मज़बूत आवाज़ उठाई जाए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य है जनता को संगठित कर मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट प्रतिरोध खड़ा करना।
कार्यक्रमों की तारीखें और विस्तृत रूपरेखा शीघ्र घोषित की जाएगी। कांग्रेस पार्टी का दावा है कि आने वाले समय में जनता के समर्थन से यह आंदोलन एक जन-क्रांति का रूप लेगा।