विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक संपन्न,गणेश उत्सव को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
गणेश पंडालों में सुरक्षा,विद्युत कनेक्शन,यातायात व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर,विसर्जन चल समारोह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने की अपील।
विजयराघवगढ़। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 13 सितंबर 2026 को थाना परिसर विजयराघवगढ़ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी, पत्रकार बंधु, गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ता, वार्ड पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विसर्जन कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने गणेश पंडाल स्थापित करने वाली समितियों से अपील की कि पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और आयोजन स्थल पर समिति के कार्यकर्ताओं की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
गणेश पंडालों के लिए विद्युत विभाग से विधिवत कनेक्शन लेने के संबंध में भी समितियों को आवश्यक समझाइश दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग करने से बचा जाए। साथ ही पंडाल इस प्रकार लगाए जाने के निर्देश दिए गए कि मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक रास्तों पर यातायात बाधित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में गणेश पंडालों में शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों का लेखन कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आम नागरिक एवं श्रद्धालु तत्काल संबंधित सेवाओं से संपर्क कर सकें। नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। नगर परिषद उपाध्यक्ष ने गणेश उत्सव के दौरान पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा आयोजन के दौरान निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। विसर्जन चल समारोह को एक ही दिवस में व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने तथा विसर्जन स्थल पर पर्याप्त शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। आयोजन समितियों से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा विसर्जन के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी समितियां एवं नागरिक मिल-जुलकर पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो। बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन और पुलिस को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। पुलिस एवं प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि गणेश उत्सव के दौरान शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि पर्व को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।


