कटनी में ‘रील’ पुलिस ‘रियल’ पर भारी-करण सिंह चौहान।

 कटनी में ‘रील’ पुलिस ‘रियल’ पर भारी-करण सिंह चौहान।

‘रील’ बनाने वाली पुलिस पर 10 हजार का इनाम,फिल्म स्टार की तरह रील बना रहे अधिकारी,अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल।

कटनी। कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिला शहर एवं ग्रामीण अध्यक्ष तथा छिंदवाड़ा प्रभारी करण सिंह चौहान ने पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने अपने संबोधन में पुलिस की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कटनी में दो तरह की पुलिस दिखाई दे रही है—एक ‘रियल’ पुलिस और दूसरी ‘रील’ बनाने वाली पुलिस। उन्होंने कहा कि रील बनाने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की लंबी फेहरिस्त है, जिसके चलते वास्तविक पुलिसिंग प्रभावित होती नजर आ रही है।

करण सिंह चौहान ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित करते हुए कहा कि वे ‘रियल’ पुलिस हैं, लेकिन विभाग में कुछ ऐसे अधिकारी और कर्मचारी भी हैं जो पुलिसिंग से ज्यादा सोशल मीडिया पर रील बनाने में सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने दावा किया कि कोतवाली थाना सहित अन्य स्थानों से भी पुलिसकर्मियों द्वारा रील बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिसकर्मी अपने मूल दायित्व के बजाय रील बनाने में अधिक व्यस्त नजर आएंगे तो आम जनता के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

सीएसपी पर भी कटाक्ष करते हुए श्री चौहान ने कहा कि एक ‘रील पुलिस’ तो भागे-भागे फिर रही है और उसके ऊपर 10 हजार रुपये का इनाम है। अपने इस बयान के माध्यम से उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर तंज कसते हुए अधिकारियों से ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

प्रशासनिक अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जिले में कुछ तहसीलदार और अन्य अधिकारी भी फिल्म स्टार की तरह रील बनाने में व्यस्त दिखाई देते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासनिक अधिकारियों पर जनता की समस्याओं के समाधान, कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक दायित्व और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी है, तो उन्हें अपने मूल दायित्वों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

अवैध शराब के कारोबार पर उठाए गंभीर सवाल

विरोध प्रदर्शन के दौरान करण सिंह चौहान ने जिले में कथित रूप से फल-फूल रहे अवैध शराब के कारोबार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने हाल ही में बरही थाना क्षेत्र में लगभग 400 लीटर कच्ची शराब जब्त किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ही स्थान से इतनी बड़ी मात्रा में कच्ची शराब का मिलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि जिस गांव से शराब जब्त की गई है, वहां के ग्रामीणों के विधिवत बयान दर्ज कराए जाएं और यह पता लगाया जाए कि वहां अवैध शराब का कारोबार कब से संचालित हो रहा था। यदि लंबे समय से अवैध शराब का निर्माण और बिक्री चल रही थी तो संबंधित क्षेत्र की पुलिस की भूमिका और निगरानी व्यवस्था की भी जांच की जानी चाहिए।

श्री चौहान ने कहा कि यदि जांच में यह सामने आता है कि अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा था और स्थानीय स्तर पर पुलिस को इसकी जानकारी थी, तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित थाने के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।

चार विधानसभा क्षेत्रों में अवैध पैकारियों का आरोप

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बड़वारा, विजयराघवगढ़, मुड़वारा और बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्रों के अनेक गांवों में अवैध शराब की पैकारियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन शिकायतों की गंभीरता से जांच कर अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जाए।

उन्होंने कहा कि केवल शराब पकड़ने की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के पूरे नेटवर्क की जांच आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की सक्रियता और कार्रवाई की भी समीक्षा होनी चाहिए।

आबकारी विभाग की निष्क्रियता की जांच की मांग

करण सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि यदि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार लगातार संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं तो आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए। उन्होंने अवैध शराब के मामलों में आबकारी अधिकारी एवं विभाग की कथित निष्क्रियता की जांच कराने की मांग की।

उन्होंने प्रशासन से कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे तंत्र तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा जगवानी, पनागर विधानसभा प्रभारी विवेक पांडे ‘गोल्डन’, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुलाम जाफर, जिला महामंत्री रॉबिन पीटर, सद्भावना प्रकोष्ठ अध्यक्ष जॉर्ज डेविड, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय कछवाहा ‘अज्जू’, मीडिया प्रभारी एडवोकेट संदीप जायसवाल ‘जीतू’ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस और प्रशासन से जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग रखी। वहीं करण सिंह चौहान के बयानों के बाद पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों, अवैध शराब के कारोबार और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेता द्वारा लगाए गए आरोपों और उठाए गए सवालों पर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post