अवैध रेत परिवहन पर ढीमरखेड़ा पुलिस का शिकंजा,लालपुर में रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त।
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई,परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका ट्रैक्टर मालिक।
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर में कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। ट्रैक्टर में रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा इस गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में ग्राम लालपुर के ग्रामीणों द्वारा रेत से भरे एक ट्रैक्टर के अवैध परिवहन से संबंधित फोटो एवं वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए थे। वायरल फोटो एवं वीडियो में ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 ZS 8322 के माध्यम से रेत परिवहन किए जाने की जानकारी सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए ढीमरखेड़ा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को संज्ञान में लेकर जांच शुरू की तथा संबंधित वाहन एवं उसके मालिक के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस जांच के दौरान ट्रैक्टर मालिक मनीष कुमार पिता मैकू सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम हल्का बोदा, सिलौड़ी, थाना ढीमरखेड़ा से पूछताछ की गई। पूछताछ में ट्रैक्टर मालिक ने पुलिस को बताया कि वह स्टॉक से सिलौड़ी निवासी प्रशांत राय के निर्माणाधीन मकान के लिए रेत लेकर ग्राम लालपुर से निकल रहा था। पुलिस द्वारा उससे रेत के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने रेत परिवहन को अवैध पाए जाने पर ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 ZS 8322 सहित रेत से भरी ट्रॉली को जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल पांडे, सहायक उपनिरीक्षक ध्रुव सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, प्रधान आरक्षक उदयपाल सिंह, आरक्षक रंजीत सिंह, आरक्षक डुमनदास एवं आरक्षक गंधर्व सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रहती हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों एवं ग्रामीणों से मिलने वाली सूचनाओं को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि रेत परिवहन के दौरान वैध दस्तावेज रखना अनिवार्य है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


