थाना ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,2 किलो 567 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी सहित 33 हजार रुपये कीमत का अवैध मादक पदार्थ किया जब्त,दोनों आरोपियों को न्यायालय में किया पेश।
कटनी। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना ढीमरखेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को कुल 2 किलो 567 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को थाना ढीमरखेड़ा पुलिस का दल ग्राम खमतरा बिचुआ मोड़ मेन रोड क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति अपनी-अपनी दोपहिया वाहनों के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस दल को अपनी ओर आते देखकर दोनों ने अचानक भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में पहले आरोपी ने अपना नाम मुकेश पिता पांडू बैगा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम ताला, थाना चंदिया बताया। उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 240 ग्राम अवैध गांजा तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
दूसरे आरोपी ने अपना नाम प्रकाश राय पिता राजकुमार राय, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बड़खेरा बताया। उसके कब्जे से 1 किलो 327 ग्राम अवैध गांजा तथा एक स्कूटी बरामद की गई।
दोनों आरोपियों से कुल 2 किलो 567 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 406/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक पंकज सिंह, अजय सिंह, जोगेश्वर कुंजाम, डुमनदास, गर्धव सिंह तथा देवेन्द्र अहिरवार की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।


