बम्हनगवां के शासकीय स्कूल में बाउंड्रीवॉल गिरने से छात्र की मौत,विधायक संजय पाठक ने जताया गहरा शोक।

 बम्हनगवां के शासकीय स्कूल में बाउंड्रीवॉल गिरने से छात्र की मौत,विधायक संजय पाठक ने जताया गहरा शोक।

भोपाल से ली घटना की जानकारी,परिवार को तत्काल आर्थिक सहयोग की घोषणा,जर्जर स्कूल भवनों की सघन जांच के दिए निर्देश।

विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।

विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैमोर थाना अंतर्गत ग्राम बम्हनगवां स्थित शासकीय प्राथमिक/माध्यमिक शाला में हुई दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। विद्यालय परिसर में बने पुराने और जर्जर भवन की बाउंड्रीवॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की मृत्यु हो गई।

राजकुमार बर्मन, पिता स्वर्गीय महेंद्र बर्मन, निवासी रपटा मोहल्ला, प्रतिदिन की तरह विद्यालय पहुंचे थे, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह दिन उनके परिवार के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आएगा। दीवार गिरने की घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और शिक्षकों द्वारा तत्काल राहत प्रयास किए गए, किंतु गंभीर रूप से घायल छात्र को बचाया नहीं जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, जो इन दिनों विधानसभा सत्र के लिए भोपाल में उपस्थित हैं, ने सबसे पहले संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक और झकझोर देने वाली घटना है। एक मासूम छात्र की असमय मृत्यु पूरे समाज के लिए दुखद है।

विधायक ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने अपनी ओर से तत्काल आर्थिक सहयोग प्रदान करने की घोषणा की तथा प्रशासन को निर्देशित किया कि शासन के प्रावधानों के अंतर्गत पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

साथ ही विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी शासकीय विद्यालयों, विशेषकर पुराने और जर्जर भवनों की तत्काल सघन जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विद्यालय परिसर में भवन या बाउंड्रीवॉल जर्जर अवस्था में पाई जाती है तो उसकी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो।

विधायक श्री पाठक ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए।

ग्राम बम्हनगवां सहित आसपास के क्षेत्रों में इस घटना के बाद शोक का वातावरण व्याप्त है। विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि स्कूल भवनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए और जर्जर संरचनाओं को तत्काल हटाया जाए।

एक होनहार छात्र की असमय मृत्यु ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और भविष्य में सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए जाने वाले ठोस कदमों पर टिकी हैं।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post