विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के प्रयासों से विजयराघवगढ़ को बजट में बड़ी सौगातें,पुल-सड़क निर्माण और ग्राम विकास के लिए करोड़ों की मंजूरी।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में क्षेत्र को मिली ऐतिहासिक उपलब्धियां,विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जताया आभार।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
मध्यप्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत बजट को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और विकासोन्मुखी बजट माना जा रहा है। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने इसे महिला, युवा, किसान और गरीब सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण को समर्पित जनहितैषी बजट बताते हुए कहा कि यह प्रदेश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और इसी कड़ी में विजयराघवगढ़ विधानसभा को भी व्यापक विकास कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि बरही–मैहर मार्ग पर स्थित कुटेश्वर पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए लागत बढ़ाकर 93.94 करोड़ रुपये किए जाने का प्रस्ताव बजट में शामिल है। यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। इसके पुनर्निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, कृषि परिवहन और दैनिक यातायात को भी नई गति मिलेगी। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि पुल के सुदृढ़ निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने आगे बताया कि पिपरौध से देवरी हटाई, बड़वारा, बसाड़ी, विजयराघवगढ़ और कैमोर तक मार्ग निर्माण के लिए 2.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त बरही-खितौली मार्ग पर 6 किलोमीटर लंबाई में कुंआ से कुठिया मोहगवां तक सड़क निर्माण के लिए 6.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का विस्तार विकास की रीढ़ है। इन सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सहूलियत होगी और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
बड़े ग्रामीण परिवेश वाले विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लगभग दो हजार जनसंख्या एवं 500 पशुधन वाले गांवों को मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना और मजरा-टोला सड़क योजना के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि इन योजनाओं से गांवों में आधारभूत संरचना का विकास होगा, पशुपालन और कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सड़क, पानी, प्रकाश और सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बजट में कई विद्यालयों के उन्नयन का प्रस्ताव शामिल किया गया है। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था क्षेत्र के भविष्य को मजबूत बनाती है। विद्यालयों के उन्नयन से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान देना किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होता है।
लोक निर्माण विभाग की सड़क योजना के अंतर्गत कैमोर, विजयराघवगढ़, बसाड़ी, बड़वारा, देवरी हटाई, पिपरौध, मतवारी, चरगवां, मवई, अमगवां और बहोरीबंद तक लगभग 74 किलोमीटर लंबाई के मार्ग निर्माण के लिए 160 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बजट में रखा गया है। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी। इतने बड़े स्तर पर सड़क निर्माण से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकास का रोडमैप है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजयराघवगढ़ विधानसभा की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को इस बजट में स्थान मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
उन्होंने अंत में कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा और जनता के सहयोग से विजयराघवगढ़ को एक आदर्श एवं आत्मनिर्भर विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
