सिंगरौली कोल ब्लॉक रद्द करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

 सिंगरौली कोल ब्लॉक रद्द करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

वन कटाई रोकने,आदिवासियों के संवैधानिक अधिकार व पर्यावरण संरक्षण की पुरजोर मांग,कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा,1400 हेक्टेयर जंगल को खतरा देना जनहित के खिलाफ।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सिंगरौली जिले में अडानी ग्रुप को आबंटित कोल ब्लॉक को तत्काल प्रभाव से रद्द करने, वन कटाई पर रोक लगाने तथा स्थानीय आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि लगभग 1400 हेक्टेयर संरक्षित वन क्षेत्र को प्रभावित करने वाला यह निर्णय न केवल पर्यावरणीय संकट को गहरा करेगा, बल्कि स्थानीय मूलनिवासी व PVTG समुदायों की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जीवनगत सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित होगा। कांग्रेसजन का कहना है कि इस परियोजना से वन-संपदा पर निर्भर हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी और क्षेत्र की जैव-विविधता पर दीर्घकालिक प्रतिकूल असर पड़ेगा।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि आदिवासी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की भूमि अधिग्रहण या खनन संबंधी गतिविधि बिना ग्राम सभाओं की सहमति के संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णयों पर पुनर्विचार करे तथा जंगलों और वनाधिकारों की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से आदिवासी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अजय कोल शामिल रहे, जिन्होंने सरकार की नीतियों पर कड़ा विरोध प्रकट किया। इसके साथ ही आदिवासी प्रकोष्ठ ग्रामीण अध्यक्ष ओमकार सिंह तेकाम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा जगवानी, एड. भूपेश जायसवाल, पूर्व पार्षद राजेश जाटव, तुलाराम गोटिया, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष नारायण निषाद, दुर्गावती, बड़वारा ब्लॉक अध्यक्ष विकास निगम, संजय गुप्ता, दिग्विजय सिंह, अहमद कुरैशी, अभय खरे, सलाहुद्दीन खान, रामकृपाल शर्मा, शैलेश जायसवाल, शिवम सिंह, रामदास सिंह, नीरज अहिरवार, आदित्य यादव, विकास निगम, राहुल, पूरन सिंह, शिव प्रसाद, निखिल राजपूत, मोहित बर्मन, अमित चौधरी, मुकेश, पंकज, दुर्गेश कोल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आदिवासी समाज, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े मुद्दों पर दृढ़ता से खड़ी रही है और आगे भी जनता की आवाज को हर स्तर पर मजबूती से उठाती रहेगी।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post