विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम मुरवारी में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने हेतु विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मन्त्री राकेश शुक्ला को सौंपा पत्र।
500 एकड़ भूमि चिन्हित, उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, किसानों को लाभ और क्षेत्र में नए रोजगार सृजन की संभावना।
ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP:
बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को तेज करने के उद्देश्य से विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम मुरवारी में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने के संबंध में मध्यप्रदेश शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मन्त्री राकेश शुक्ला को एक पत्र सौंपा है। यह पहल क्षेत्र के औद्योगिक, कृषि और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भाजपा नेता योगेन्द्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुरवारी और इसके आसपास के चतुर्दिक गांवों को मिलाकर लगभग 10 हजार एकड़ भूमि विविध औद्योगिक गतिविधियों के लिए चिन्हित की गई थी। इस विशाल भूमि क्षेत्र में से 500 एकड़ भू-भाग विशेष रूप से सौर ऊर्जा उत्पादन परियोजना के लिए चयनित किया गया था। किन्तु विगत काफी समय से इस दिशा में कोई ठोस कार्यवाही प्रारंभ नहीं हो सकी है, जिसके कारण क्षेत्रवासी निराशा महसूस कर रहे हैं।
योगेन्द्र सिंह ठाकुर ने आगे बताया कि यदि चिन्हित भू-भाग पर शीघ्र सौर ऊर्जा प्लांट की स्थापना होती है, तो इसके दूरगामी परिणाम होंगे। सबसे पहले तो क्षेत्र में स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा का उत्पादन होगा, जिससे कृषि कार्यों और ग्रामीण बिजली आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे न केवल क्षेत्रीय किसानों को लाभ होगा बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे पलायन की समस्या पर भी अंकुश लगेगा।
स्थानीय जनमानस का मानना है कि मुरवारी में सौर ऊर्जा प्लांट लगने से गांव और आसपास का इलाका ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख केंद्र बन सकता है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और बड़े उद्योगों के साथ-साथ लघु एवं मध्यम उद्योगों को भी ऊर्जा उपलब्धता में सहूलियत होगी।
इसी दृष्टिकोण से विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मन्त्री राकेश शुक्ला से आग्रह किया है कि चिन्हित भूमि पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए सौर ऊर्जा प्लांट की स्थापना सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यह परियोजना न केवल क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी बल्कि मध्यप्रदेश की ऊर्जा नीति और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को भी बल प्रदान करेगी।
क्षेत्रीय लोगों में अब इस बात की उम्मीद जगी है कि विधायक के प्रयासों और मन्त्री स्तर पर किए गए आग्रह के परिणामस्वरूप मुरवारी में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द ही प्रारंभ होगी। जनता का विश्वास है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में ढीमरखेड़ा क्षेत्र को ऊर्जा, उद्योग और रोजगार का नया हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734
