सिलौंडी कन्या हाई स्कूल में शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त शिक्षकों और प्रथम छात्रा संगीता बैगा का हुआ सम्मान।
बी ईओ लखन बागरी ने छात्रा को प्रोत्साहित किया, पुरस्कार राशि की घोषणा से बढ़ा हौसला, शिक्षक दिवस बना प्रेरणा का अवसर।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP:
शिक्षक दिवस के अवसर पर सिलौंडी के कन्या हाई स्कूल में इस वर्ष का आयोजन अत्यंत भव्य और प्रेरणादायी रहा। विद्यालय परिसर में सुबह से ही छात्राएँ और शिक्षकगण एकत्र हुए और कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। प्राचार्य विशाल वरकडे के नेतृत्व में इस बार कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि जहाँ एक ओर विद्यालय में सेवा देकर सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का सम्मान किया गया, वहीं दूसरी ओर शिक्षा की नई अलख जगाने वाली छात्रा संगीता बैगा को भी विशेष सम्मान से नवाजा गया।
ढीमर खेड़ा के बी ईओ लखन लाल बागरी ने प्राचार्य विशाल वरकडे के साथ मिलकर संगीता बैगा का सम्मान किया। उल्लेखनीय है कि संगीता बैगा आदिवासी बहुल ग्राम कारोपानी की पहली छात्रा हैं जिन्होंने आजादी के बाद पहली बार कक्षा 10वीं में प्रवेश लेकर अपने गाँव का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार ने ऐतिहासिक बताते हुए सराहा। बी ईओ लखन लाल बागरी ने संगीता के उत्साहवर्धन हेतु घोषणा की कि 10वीं उत्तीर्ण करने पर उन्हें 5000 रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 10000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस घोषणा से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों में उत्साह का वातावरण बन गया और ग्रामीणों को भी अपनी बेटियों को शिक्षा दिलाने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें पुष्पमालाएँ एवं शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में बीरबल राय, जयनारायण राय, वीरेंद्र कुमार हल्दकार, शेष नारायण मिश्रा, मोहन सिंह, गौरी शंकर राय, सुशील जैन, भीष्म लाल तिवारी, श्याम नारायण राय, राजकिशोर राय और अरविंद राय शामिल रहे। इन सभी शिक्षकों ने अपने-अपने समय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। उनके शिष्यों ने भावुक होकर कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उन्हें जीवन में सफलता के पथ पर अग्रसर करता है।
इस गरिमामयी अवसर पर रजनीकांत राय, मंडल सोशल मीडिया प्रभारी धीरज जैन, अंकित बागरी, अशोक हल्दकार, शरद गुप्ता, रश्मि बागरी, स्वेता जैन, सविता साहू सहित शिक्षकगण एवं छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं और शिक्षकों के सम्मान में कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यालय परिवार का मानना है कि इस प्रकार के सम्मान समारोह न केवल शिक्षकों के योगदान को स्मरण कराते हैं बल्कि विद्यार्थियों को भी शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासन का संदेश देते हैं। संगीता बैगा जैसी छात्राओं के सम्मान से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की नई रोशनी पहुँचेगी और आने वाली पीढ़ी प्रेरित होकर शिक्षा को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बनाएगी।
शिक्षक दिवस का यह आयोजन उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय रहा, जिसमें परंपरा, सम्मान और प्रेरणा का अनोखा संगम देखने को मिला।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734
