नवरात्रि में धार्मिक मर्यादा और आस्था की रक्षा को लेकर बजरंग दल ने तहसीलदार व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन।

 नवरात्रि में धार्मिक मर्यादा और आस्था की रक्षा को लेकर बजरंग दल ने तहसीलदार व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन।

मांसाहारी दुकानों पर रोक,भक्ति संगीत की अनिवार्यता और संदिग्ध तत्वों के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग।

उमरिया पान,ग्रामीण खबर MP:

शारदीय नवरात्रि का पर्व 22 सितंबर से आरंभ हो रहा है, जिसे लेकर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल बनना शुरू हो गया है। इसी पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड उमरिया पान के कार्यकर्ताओं ने नगर की मर्यादा बनाए रखने और धार्मिक वातावरण को शुद्ध रखने हेतु नायब तहसीलदार साक्षी शुक्ला और थाना प्रभारी दिनेश तिवारी को एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि नवरात्रि के नौ दिनों की अवधि में नगर में किसी भी प्रकार की मांसाहारी वस्तुओं की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित की जानी चाहिए। इसमें मुर्गा, मछली, मटन, अंडा सहित सभी प्रकार की मांसाहारी दुकानें शामिल होंगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि इन पवित्र नौ दिनों में कोई भी व्यापारी मांसाहारी दुकान खोलने का प्रयास करता है, तो बजरंग दल अपने स्तर पर कठोर कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।

इसके अतिरिक्त, देवी पंडालों और गरबा उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं धार्मिक शुचिता को ध्यान में रखते हुए मांग की गई है कि वेधर्मी और संदिग्ध तत्वों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। कार्यकर्ताओं ने आयोजकों से यह भी आग्रह किया कि मंचों और पंडालों में केवल पारंपरिक एवं भक्ति संगीत का ही प्रयोग किया जाए। अश्लील, फिल्मी या भड़काऊ गीतों को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में विशेष रूप से यह भी कहा गया कि देवी पंडालों में आने वाले पुरुषों एवं महिलाओं को मर्यादित वस्त्र धारण करने चाहिए। इस प्रकार की ड्रेस कोड व्यवस्था से धार्मिक आयोजन की गरिमा और पवित्रता बनी रहेगी। बजरंग दल का कहना है कि नवरात्रि एक आध्यात्मिक साधना और माँ दुर्गा की आराधना का पर्व है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की अपवित्रता या अशोभनीयता को स्थान नहीं मिलना चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। देवी पंडालों के आसपास उचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन से यह अपेक्षा व्यक्त की गई कि गरबा उत्सव और देवी पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती हो, ताकि किसी भी प्रकार की शांति भंग की स्थिति उत्पन्न न हो सके।

इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने कहा कि नवरात्रि हिंदू धर्म का सबसे बड़ा पर्व है, जिसमें आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। ऐसे में आवश्यक है कि पूरे नगर में धार्मिक वातावरण और मर्यादा बनी रहे। मंत्री अरविंद गुप्ता ने कहा कि बजरंग दल समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए कटिबद्ध है तथा इस प्रकार के ज्ञापन का उद्देश्य केवल नगरवासियों को धार्मिक मर्यादा का पालन कराने और प्रशासन को समय रहते सतर्क करने का है।

कार्यक्रम में संयोजक कान्हा सोनी ने कहा कि मांसाहारी दुकानों को बंद रखने से नगर में स्वच्छता और धार्मिक माहौल दोनों का संरक्षण होगा। गोलू सोनी और धीरज दहिया ने कहा कि अश्लीलता और अपवित्रता के लिए नवरात्रि जैसे पावन पर्व में कोई स्थान नहीं है। अतुल असाटी और अमित दहिया ने कहा कि पंडालों में केवल भक्ति संगीत ही बजना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हो।

ज्ञापन सौंपते समय प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, मंत्री अरविंद गुप्ता, संयोजक कान्हा सोनी, गोलू सोनी, धीरज दहिया, अतुल असाटी, अमित दहिया, ललित काछी, राहुल असाटी, शनि दहिया, अभिषेक यादव, अर्जुन चक्रवर्ती, राज चौरसिया, हरिओम चौरसिया, संगम रजक, धीरज सोनी, शनि दहिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रशासन से अपील की कि इस पवित्र पर्व को शांतिपूर्वक और श्रद्धापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में कोई भी कोताही न बरती जाए।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post