अनियंत्रित हाईवा यात्री प्रतीक्षालय में घुसा,कई लोग हुए घायल,एक गंभीर जबलपुर रेफर।

 अनियंत्रित हाईवा यात्री प्रतीक्षालय में घुसा,कई लोग हुए घायल,एक गंभीर जबलपुर रेफर।

ढीमरखेड़ा महाविद्यालय के बाहर बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा, प्रतीक्षालय में बैठे लोग बने शिकार,पुलिस ने तुरंत पहुँचाकर कराया इलाज,चालक गिरफ्तार।

ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP:

थाना ढीमरखेड़ा क्षेत्र में सोमवार की दोपहर लगभग 3:30 बजे उस समय बड़ा हादसा हो गया जब उमरिया पान की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा के सामने एक भारी-भरकम हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसा। उस समय तेज बारिश के कारण कई लोग प्रतीक्षालय में शरण लेकर बैठे थे और बारिश थमने का इंतजार कर रहे थे। अचानक आई इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा क्रमांक एमपी 20 जेड एम 4003 तेज रफ्तार में आ रहा था। अचानक मोड़ पर आते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया और भारी वाहन सीधे प्रतीक्षालय में घुस गया। देखते ही देखते प्रतीक्षालय में बैठे लोग चीख-पुकार करने लगे और कुछ लोग भागने में सफल रहे, किंतु कई यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि प्रतीक्षालय का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इस घटना में घायल हुए लोगों की पहचान इस प्रकार की गई है 

सुभाष चौधरी पिता श्यामलाल उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम पौड़ी कला,अरुण प्रताप सिंह पिता जगदेव सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम झिरीं,रागिनी कुमारी पिता नरेश सिंह उम्र 13 वर्ष निवासी मंगेली उमरिया पान,नरेश पिता चैनसिंह उम्र 45 वर्ष निवासी मंगेली उमरिया पान,अंकित कुर्मी पिता रमेश कुर्मी उम्र 18 वर्ष निवासी मंगेली उमरिया पान

घटना की सूचना मिलते ही थाना ढीमरखेड़ा पुलिस बल मौके पर पहुँचा और तत्काल घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान पहुँचाया गया। वहाँ मौजूद चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल सुभाष चौधरी की स्थिति नाजुक बताई गई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से ही हाईवा चालक रविंद्र पिता हलक सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी कुटल्ले थाना चंदिया जिला उमरिया को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि बारिश के दौरान चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और अचानक फिसलन आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोग हादसे से भयभीत हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन भारी वाहनों की तेज रफ्तार से दुर्घटनाएँ होती रहती हैं और कई बार शिकायतों के बाद भी प्रशासन ने अभी तक ठोस कदम नहीं उठाए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि महाविद्यालय के आसपास स्पीड ब्रेकर बनाए जाएँ और यातायात पर सख्ती की जाए, ताकि छात्रों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हादसे के बाद मौके पर एकत्र हुए लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि यदि समय रहते ट्रैफिक नियंत्रण के लिए इंतजाम किए गए होते तो इस तरह की स्थिति न बनती। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हाईवा को जब्त कर थाने ले जाया गया है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही से चलाए जाने वाले परिवहन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाता तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटनाएँ घटित हो सकती हैं।

ग्रामीण खबर MP-

जनमानस की निष्पक्ष आवाज

प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post