महिलाओं के लिए अपमानजनक बयान से आक्रोशित भाजपा ने अहिंसा तिराहे पर किया उग्र प्रदर्शन,फूंका प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुतला।
महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी,नेताओं ने बताया मातृशक्ति का अपमान और मांगी सार्वजनिक माफी।
कटनी,ग्रामीण खबर MP:
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए शराब सेवन संबंधी विवादित बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध जताया। कटनी के अहिंसा तिराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने उग्र प्रदर्शन कर पटवारी का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जीतू पटवारी मुर्दाबाद, राहुल गांधी मुर्दाबाद और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले करते हुए कहा कि यह बयान मातृशक्ति का अपमान है और इसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि हरितालिका पर्व के दिन कांग्रेस द्वारा मातृशक्ति का अपमान किया गया है, जो कांग्रेस की संकीर्ण और महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि देशभर की महिलाओं को शराब पीने वाली बताना और खासकर मध्यप्रदेश की महिलाओं को सर्वाधिक शराब सेवन करने वाली कहना बेहद निंदनीय और अक्षम्य है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से तत्काल सार्वजनिक माफी मांगने की बात कही।
महापौर प्रीति सूरी ने कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह बयान महिलाओं की अस्मिता को ठेस पहुँचाने वाला है। उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए पटवारी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी ही होगी।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और पटवारी के खिलाफ महिला मोर्चा अपना आंदोलन लगातार जारी रखेगा और इसे तेज किया जाएगा। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने इस टिप्पणी को महिलाओं के सम्मान पर सीधा प्रहार बताते हुए कहा कि यह बयान आपत्तिजनक है और इसके लिए कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी ने संचालन करते हुए कहा कि महिलाओं ने इतिहास बदला है और अब कांग्रेस को भी इतिहास बना देंगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं कांग्रेस का नामोनिशान मिटाकर ही दम लेंगी।
इस उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पीतांबर टोपनानी, महापौर प्रीति सूरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा जैन सोगानी, सुनील उपाध्याय, मृदुल मिश्रा, सुरेश सोनी, सत्यनारायण अग्रहरि, रवि खरे, अंकिता तिवारी, मृदुल द्विवेदी, रणवीर कर्ण, आशुतोष शुक्ला, सचिन तिवारी, कौशलेश मिश्रा, संजू गर्ग, सौरभ अग्रवाल, अभिषेक ताम्रकार, अजय शर्मा, मनीष दुबे, संदीप दुबे, रौनक खंडेलवाल, मनोज तिवारी, दीपक तिवारी, शंभू बर्मन, शिब्बू साहू, गोविन्द चावला, सचिन बहरे, सुरेन्द्र गुप्ता, अक्षय श्रीवास्तव, शिल्पा जैन, पार्वती तामिया, नीलिमा असोढिया, हीरामणी बरसैया, रिचा गेलानी, नीरा सेठिया, पार्षद वंदना राजकिशोर यादव, शिल्पी सोनी, संगीता बर्मन, अनामिका पांडेय, अंजीता तामिया, जया वाधवानी, ज्योत्सना सोनी, रामकली ठाकुर, सुरंजना सिंह, आशा बर्मन, राधा विश्वकर्मा, पूनम गुप्ता, शशि विश्वकर्मा, सुनीता यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति रही।
इस मौके पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया समाज और विशेषकर महिलाओं के अपमान का प्रतीक है। भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा इस बयान को लेकर निरंतर विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे और आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कांग्रेस अध्यक्ष सार्वजनिक रूप से महिलाओं से माफी नहीं मांगते।
ग्रामीण खबर mp-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी |
संपर्क:9977110734