ढीमरखेड़ा में भारतीय किसान संघ की गरजती बैठक,खाद वितरण की अव्यवस्था पर प्रशासन को दी कड़ी चेतावनी।
जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में किसानों ने डबल लॉक व्यवस्था लागू करने की रखी मांग, कहा – यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र जनआंदोलन।
ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP:
भारतीय किसान संघ तहसील ढीमरखेड़ा की बैठक ग्राम पिड़रई में बेहद तीखे और आक्रोशपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत बलराम भगवान की पूजा अर्चना उपरांत की गई।बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने की, जबकि तहसील अध्यक्ष बसंत मिश्रा और कृषि आयाम प्रमुख सतीश ज्योतिषी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में किसानों ने खाद वितरण की भारी कमी और अव्यवस्थित तंत्र के खिलाफ अपनी जोरदार आवाज बुलंद की।
बैठक को संबोधित करते हुए कृषि आयाम प्रमुख सतीश ज्योतिषी ने कहा कि किसान आज सबसे बड़ी समस्या का सामना कर रहे हैं,खाद की अनुपलब्धता। किसानों को विपरण केंद्रों पर सुबह से लेकर देर रात तक लाइन में खड़े रहना पड़ता है, फिर भी उन्हें उनकी जरूरत का खाद नहीं मिल पा रहा है। यह स्थिति किसानों के साथ सीधी अन्यायपूर्ण और अपमानजनक है। शासन की मंशा स्पष्ट है कि हर तहसील में डबल लॉक व्यवस्था लागू की जाए, लेकिन ढीमरखेड़ा जैसे पिछड़े क्षेत्र में प्रशासन की लापरवाही के कारण किसानों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान संघ ने प्रशासन को सीधे शब्दों में चेतावनी दी कि यदि ढीमरखेड़ा तहसील में डबल लॉक व्यवस्था तत्काल लागू नहीं की गई और किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो संगठन जनआंदोलन के लिए बाध्य होगा। किसान संघ ने साफ कहा कि ऐसे हालात में किसानों के सब्र का बांध टूटेगा और यदि आंदोलन सड़कों पर उतरता है तो इसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी।
बैठक में किसानों ने जोर देकर कहा कि यह समस्या सिर्फ खाद की नहीं है, बल्कि प्रशासन की निष्क्रियता का नतीजा है। समय रहते समाधान नहीं हुआ तो किसान मजबूर होकर बड़े आंदोलन का बिगुल बजाएंगे। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसानों को उनके अधिकार से वंचित करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल, तहसील अध्यक्ष बसंत मिश्रा, कृषि आयाम प्रमुख सतीश ज्योतिषी, जिला प्रचार प्रमुख पारस पटेल, तहसील मंत्री आशीष चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष कालूराम चौरसिया, जिला कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद चौरसिया, तहसील मीडिया प्रमुख संतोष यादव, कार्यक्रम अध्यक्ष सुनील गर्ग, सुनील तिवारी, अनिल तिवारी, अखिल दुबे, रामभाई लोधी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि किसानों की अनदेखी अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन का स्वरूप प्रदेशव्यापी भी किया जाएगा।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी | संपर्क:9977110734