सावन के प्रथम सोमवार पर सीनियर अधिवक्ताओं का आत्मीय भव्य सम्मान।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा तिवारी ने श्रीफल, कलम व अंगवस्त्र भेंट कर लिया आशीर्वाद।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
सावन माह के पावन प्रथम सोमवार के दिन जिला अधिवक्ता संघ परिसर एक विशेष अवसर का साक्षी बना, जब समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी द्वारा पितृदेव तुल्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं का आत्मीय और गरिमामयी सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ। यह आयोजन न केवल श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बना बल्कि गुरु पूर्णिमा के ठीक उपरांत हुए इस आयोजन ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को भी पुनः स्मरण कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण और पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पारंपरिक विधि से स्वागत किया गया। मुख्य मंचासीन अतिथियों में वरिष्ठ अधिवक्ता दादा ओ.पी. निगम, रामजी तिवारी, राजकुमार बक्शी, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला, उपाध्यक्ष संतु परौहा, कोषाध्यक्ष निर्मल दुबे, सचिव राजकुमार तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु पटेल, सावन सिंह तथा कार्यकारिणी सदस्य मांडवी पांडेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सीनियर मातृशक्ति अधिवक्ता अंजूलता परौहा, धनवती सिंह, वीणा नामदेव एवं रीनू पटेल द्वारा सभी वरिष्ठ अधिवक्ताओं का आत्मीय स्वागत रोली तिलक, पुष्प हार, बैच और अंगवस्त्र व श्रीफल भेंट कर किया गया। यह भावपूर्ण दृश्य परिसर में उपस्थित समस्त जनसमूह के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
इस गरिमामयी आयोजन में वरिष्ठ अधिवक्ता दादा ओ.पी. निगम ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी द्वारा सावन के प्रथम सोमवार को किया गया यह सम्मान न केवल एक पारंपरिक कर्तव्य है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल व्यवस्थित था, बल्कि भावनात्मक रूप से भी अत्यंत प्रभावशाली रहा।
कार्यक्रम में अधिवक्ता ब्रजकिशोर पांडेय ने समस्त सम्मानित अतिथियों, अधिवक्ताओं एवं उपस्थितजनों का हृदय से आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार का आयोजन वरिष्ठजनों को भावनात्मक सम्मान देने का एक उत्कृष्ट प्रयास है, जिसे अन्य संस्थाओं को भी अपनाना चाहिए।
जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला ने इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी ने अधिवक्ता समाज को गौरवान्वित किया है। यह आयोजन न केवल वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए श्रद्धांजलि समान है, बल्कि युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित अंतराल पर आयोजित होते रहने चाहिए।
इस आयोजन में विशेष रूप से उल्लेखनीय सहयोग अधिवक्ता ओ.पी. शर्मा, कैलाश कुशवाहा, अरुण कुमार शुक्ला, मीडिया प्रभारी अधिवक्ता विकास कनौजिया, एडवोकेट अनुपम पाठक, एडवोकेट मोहन निषाद, एडवोकेट अरविंद पांडेय, एडवोकेट उमाकांत मौर्य, एडवोकेट उमाकांत पटेल सहित अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं का रहा, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनका निजी प्रयास नहीं, अपितु एक सामाजिक दायित्व है जिसे वह निष्ठा से निभा रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से वरिष्ठजनों के अनुभव व आशीर्वाद को समाज तक पहुंचाने का प्रयास करती रहेंगी।
समग्र रूप से यह कार्यक्रम सावन माह की शुरुआत में एक शुभ व सांस्कृतिक सामाजिक उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें भावनाएं, श्रद्धा, सम्मान और अनुशासन सभी समाहित थे।





