सिलौंडी-कुंडम रोड पर दर्दनाक हादसा: ऑटो की टक्कर से युवती की मौत, मां गंभीर घायल।

 सिलौंडी-कुंडम रोड पर दर्दनाक हादसा: ऑटो की टक्कर से युवती की मौत, मां गंभीर घायल।

खेत से लौट रहीं मां-बेटी को ऑटो ने मारी टक्कर, पुलिस जांच में जुटी।

सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP:

ढीमरखेड़ा तहसील के अंतर्गत आने वाले सिलौंडी से कुंडम की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। सिलौंडी गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित कोस्मघाट मोड़ के पास एक ऑटो ने तेज रफ्तार में खेत से लौट रहीं दो महिलाओं को टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस चौकी प्रभारी विष्णु शंकर जायसवाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी दी कि मृतका की पहचान काजल सेन के रूप में हुई है, जो सिलौंडी गांव की रहने वाली थी और अपने खेत से मां के साथ लौट रही थी। घटना के दौरान काजल को गहरे चोट आई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं, उसकी मां को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑटो चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और कोस्मघाट मोड़ पर सामने से आ रही मां-बेटी को देखने से पहले ही नियंत्रण खो बैठा। टक्कर लगने के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की एक टीम लगी हुई है।

इस हृदयविदारक दुर्घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय जैसे कि स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि मार्ग पर शीघ्र व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी ऑटो चालक की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर MP

संपर्क सूत्र:9977110734





Post a Comment

Previous Post Next Post