गाँव की बेटियों के लिए सुनहरा अवसर,छात्रवृत्ति योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई।
ग्रामीण क्षेत्र की मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग,सामान्य और तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “गाँव की बेटी योजना” के अंतर्गत आवेदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में पात्र छात्राओं के पास अब सीमित समय शेष है, इसलिए उन्हें शीघ्र राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 के माध्यम से आवेदन करने की सलाह दी गई है।
यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की उन प्रतिभाशाली छात्राओं के लिए संचालित की जा रही है, जो आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई महसूस करती हैं। विभाग के अनुसार, वे छात्राएं भी इस योजना का लाभ ले सकती हैं, जो पूर्व में किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाई थीं।
पात्रता के संबंध में स्पष्ट किया गया है कि छात्रा का मध्यप्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उसने 12वीं कक्षा गांव में रहकर, गांव की शाला से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की हो। यह प्रावधान ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बनाया गया है।
योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता भी पाठ्यक्रम के अनुसार निर्धारित की गई है। सामान्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को 5 हजार रुपये प्रतिवर्ष प्रदान किए जाते हैं, जबकि तकनीकी, चिकित्सा एवं आयुष पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्राओं को 7 हजार 500 रुपये प्रतिवर्ष की सहायता राशि दी जाती है। यह राशि सीधे छात्राओं के बैंक खातों में कोषालय के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी पात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे समय सीमा का ध्यान रखते हुए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण बेटियों तक पहुंच सके और वे अपने शैक्षणिक सपनों को साकार कर सकें।
