ढीमरखेड़ा पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई,चार स्थानों पर दबिश।
19 लीटर कच्ची शराब और 16 पाव देशी प्लेन शराब जब्त,100 किलो लाहन मौके पर कराया गया नष्ट।
ढीमरखेड़ा। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में दबिश देकर अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 19 लीटर कच्ची शराब तथा 16 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की, जबकि अवैध शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे कुल 100 किलो लाहन को मौके पर नष्ट कराया गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन एवं निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। इन्हीं निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा विभिन्न ग्रामों में कार्रवाई की गई।
ढीमरखेड़ा पुलिस टीम ने ग्राम गुड़ा, दशरमन, गोपालपुर, डुडहा एवं खंदवारा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ग्राम गुड़ा में रानी बाई लोनी के कब्जे से 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसी प्रकार ग्राम दशरमन में नरेश गोटिया के कब्जे से 5 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
ग्राम गोपालपुर में पुलिस ने गोविंद पटेल के कब्जे से 16 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की। वहीं ग्राम डुडहा में शरद सिंह के कब्जे से 5 लीटर कच्ची शराब के साथ 50 किलो लाहन बरामद किया गया। ग्राम खंदवारा में शिव प्रसाद के कब्जे से 5 लीटर कच्ची शराब एवं 50 किलो लाहन पुलिस के हाथ लगा।
इस प्रकार पुलिस की कार्रवाई में कुल 19 लीटर कच्ची शराब एवं 16 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई। इसके साथ ही अवैध रूप से शराब तैयार करने के लिए रखे गए कुल 100 किलो लाहन को मौके पर नष्ट कराया गया। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी, उनि अनिल पाण्डेय, सउनि जयपाल सिंह, सउनि अनिल तिवारी, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज ठाकुर, प्रधान आरक्षक उदय पाल सिंह एवं आरक्षक गंधर्व सिंह का विशेष योगदान रहा।


