रेड क्रॉस की वार्षिक आम सभा में भूतपूर्व सैनिक अशोक वासुदेव हुए सम्मानित।
रेड क्रॉस भवन के बगीचे को विकसित कर समाजसेवा में मिसाल कायम की, कलेक्टर ने सराहा सेवाभाव।
विदिशा,ग्रामीण खबर mp:
आज स्थानीय जालोरी गार्डन में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक एवं समाजसेवी अशोक वासुदेव को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की शील्ड एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सेवाकार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विदिशा भामाशाहों की नगरी है, जहां दानदाताओं और निस्वार्थ सेवा करने वालों की कभी कमी नहीं रही है।
कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि किस प्रकार सार्वजनिक भोजनालय समिति द्वारा मरीजों को मात्र ₹1 में भरपेट भोजन कराया जा रहा है और विदिशा रेलवे स्टेशन पर हर सवारी गाड़ी में यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा भूतपूर्व सैनिक अशोक वासुदेव के सम्मान को समाज के लिए प्रेरणास्पद बताया।
रेड क्रॉस भवन के बगीचे को सुंदरता और हरियाली से विकसित करने का श्रेय अशोक वासुदेव को जाता है, जिनके समर्पण और प्रयासों से यह कार्य सफल हुआ। इसी उपलक्ष्य में सोसाइटी ने उन्हें सम्मानित कर एक अनुकरणीय पहल की है।
ज्ञात रहे कि अशोक वासुदेव वरिष्ठ पत्रकार एवं फोटोग्राफर आर. के. वासुदेव (बोस) के छोटे भाई हैं और समाजसेवा में उनका योगदान निरंतर सराहनीय रहा है।
