विजयराघवगढ़ में 'भारत शौर्य तिरंगा यात्रा' का ऐतिहासिक आयोजन, ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर उमड़ा देशभक्ति का ज्वार।
भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम के सम्मान में विशाल तिरंगा यात्रा, विधायक संजय पाठक के नेतृत्व में हजारों नागरिकों की देशभक्ति से गूंजा नगर।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
भारत की सैन्य ताकत और अदम्य साहस के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की सफलता को लेकर संपूर्ण देश में गौरव और उल्लास का वातावरण व्याप्त है। इस ऐतिहासिक सैन्य कार्रवाई में भारतीय सेना ने पहलगाम हमले का करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादी ठिकानों और सेना के अड्डों को ध्वस्त किया। इस अभूतपूर्व सैन्य विजय का उत्सव मनाने के उद्देश्य से बुधवार को विजयराघवगढ़ नगर में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसने नगरवासियों के मन में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित कर दी।
यह यात्रा शाम 5 बजे नगर के ऐतिहासिक किले से प्रारंभ हुई, जो संकटमोचन मंदिर चौराहा, मुख्य बाजार, आजाद चौक से होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय के सामने पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ जैसे नारों से संपूर्ण नगर गूंज उठा और एक उत्सवधर्मी वातावरण में परिवर्तित हो गया।
इस आयोजन में नगर की सभी जातियों, वर्गों, समुदायों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी देखने लायक थी। यात्रा ने यह संदेश दिया कि विजयराघवगढ़ की जनता सेना के साथ खड़ी है और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के लिए सदैव समर्पित है।
विधायक संजय पाठक ने अपने संबोधन में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिन्दूर जैसी सशक्त सैन्य कार्रवाई कर भारत की सुरक्षा नीति को सुदृढ़ किया है। इससे देश का प्रत्येक नागरिक गौरवान्वित है। इस तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में विजयराघवगढ़ के नागरिकों की सहभागिता यह सिद्ध करती है कि भारत का आम जन आज भी अपने सैनिकों के पराक्रम को सर्वोपरि मानता है।"
उन्होंने कहा कि भारत की सेना न केवल सीमाओं की रक्षा कर रही है, बल्कि देशवासियों के आत्मविश्वास और गौरव का प्रतीक भी बन चुकी है। इस विजय को केवल सैन्य विजय न मानते हुए इसे संपूर्ण राष्ट्र की विजय के रूप में देखना चाहिए।
इस ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ में विधायक संजय पाठक के साथ-साथ नगर परिषद अध्यक्ष वसुधा मिश्रा, मनीषा शर्मा, पीयूष अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, सुधा जायसवाल, डारेश्वर पाठक, उदय राज सिंह, मनीष मिश्रा, रंगलाल पटेल, राकेश गुप्ता, यश पाठक, श्रीराम सोनी, विवेक सिंह बघेल, प्रमोद सोनी, अरुण पटेल, भवानी मिश्रा, जयवंत सिंह चौहान, अजय शर्मा, संतोष केवट, हरिओम बर्मन, संजय मिश्रा, राजेन्द्र गुप्ता, सुरेश पारौहा, अनिल शर्मा, अरविंद बड़गैया, राजा उर्मलिया, विनोद मिश्रा, बलराम गुप्ता, विद्दू शर्मा, दिप्पू बड़गैया, प्रीतेश पाण्डे, नमित गौवर सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सेवानिवृत्त सैनिकों, एनसीसी कैडेटों एवं हजारों आम नागरिकों ने भाग लिया।
इस आयोजन ने न केवल नगर की देशभक्ति भावना को सार्वजनिक मंच प्रदान किया, बल्कि यह भी प्रमाणित किया कि जब बात मातृभूमि के गौरव की होती है, तब पूरा समाज एक स्वर में उठ खड़ा होता है। यात्रा के दौरान युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहभागिता ने यह दिखा दिया कि देशभक्ति किसी आयु या वर्ग की सीमाओं में नहीं बंधी होती।
इस ऐतिहासिक यात्रा ने न केवल ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता का उत्सव मनाया, बल्कि यह भी दर्शाया कि विजयराघवगढ़ की जनता देश की सीमाओं की रक्षा में लगे जवानों के प्रति कितनी कृतज्ञ और जागरूक है।