28 फरवरी को विशाल आभार रैली में शामिल होने विजयराघवगढ़ आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
विधायक संजय पाठक से भेंट के बाद सिंचाई, पुल और सड़कों को मिली ऐतिहासिक स्वीकृति।
50 हजार एकड़ भूमि को सिंचित करने वाली योजनाओं के लिए जनता जताएगी मुख्यमंत्री का आभार।
विजयराघवगढ़,ग्रामीण खबर MP।
विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास के लिहाज से एक ऐतिहासिक और दूरगामी परिणाम देने वाला निर्णय सामने आया है। क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आमजन के लंबे समय से चले आ रहे सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने सिंचाई, सड़क और पुल निर्माण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्णयों के केंद्र में विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की सतत पहल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सकारात्मक एवं संवेदनशील कार्यशैली रही है।
विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट कर हाल ही में मंत्रिपरिषद से स्वीकृत हुई दो बड़ी लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं के लिए विधानसभा क्षेत्र की जनता, किसानों और ग्रामवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आमंत्रित करते हुए आग्रह किया कि वे स्वयं क्षेत्र में आकर जनता और किसानों से मुलाकात करें तथा उनके आभार और भावनाओं को स्वीकार करें।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक संजय पाठक के आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए आगामी 28 फरवरी, शुक्रवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आगमन की सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री इस अवसर पर किसानों और आमजन द्वारा आयोजित विशाल आभार रैली में शामिल होंगे और सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति से उत्पन्न खुशियों में सहभागी बनेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्साह, उल्लास और तैयारियों का माहौल बन गया है।
ग्रामीण अंचलों में किसान वर्ग विशेष रूप से इस आयोजन को लेकर उत्साहित है, क्योंकि वर्षों से सिंचाई सुविधा के अभाव में सीमित फसलों पर निर्भर क्षेत्र अब स्थायी सिंचाई व्यवस्था की ओर अग्रसर हो रहा है। आभार रैली के माध्यम से क्षेत्र की जनता सरकार के प्रति अपने विश्वास और संतोष को सार्वजनिक रूप से व्यक्त करेगी।
नदी पर उच्च स्तरीय पुलों और सड़कों की मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान विधायक संजय पाठक ने विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पत्र के माध्यम से प्रस्तुत किए। इन प्रस्तावों में न केवल प्रमुख नदियों पर उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण शामिल था, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सड़कों के निर्माण की भी मांग की गई थी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन सभी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए सहर्ष स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृत योजनाओं में कटनी नदी पर घूंसुर को कांटी क्षेत्र से जोड़ने के लिए उच्च स्तरीय पुल का निर्माण प्रमुख है, जिससे क्षेत्र के कई गांवों को सीधा और सुरक्षित संपर्क मार्ग प्राप्त होगा। इसी प्रकार महानदी पर बकेली से गुड़ेहा पिपरा को जोड़ने हेतु उच्च स्तरीय पुल के निर्माण की स्वीकृति से वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
इसके अतिरिक्त ग्रामीण अंचलों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम रोहनिया से गोइंद्रा जिवारा मार्ग, ग्राम कुआं से कुठिया मोहगवां मार्ग, ग्राम करौंदीखुर्द से बिचपुरा जाजागढ़ मार्ग, ग्राम कारीतलाई से गुड़ेहा मार्ग, बरही–खितौली रोड पर टेड़ी पुलिया से ऊटिन टोला मार्ग तथा हदरहटा–सलैया–सिहोरा मार्ग के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन सड़कों के निर्माण से न केवल ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति दिए जाने पर विधायक संजय पाठक ने विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए इसे जनभावनाओं का सम्मान बताया।
दो सिंचाई परियोजनाओं से 50 हजार एकड़ भूमि को मिलेगा पानी
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि के रूप में दो लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति को देखा जा रहा है। मंत्रिपरिषद की मंजूरी के पश्चात क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों की लगभग 20 हजार हेक्टेयर, अर्थात 50 हजार एकड़ से अधिक कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इन परियोजनाओं के अंतर्गत बाणसागर डैम की अपार जलराशि का उपयोग कर धनवाही एवं बरही सूक्ष्म उद्यम सिंचाई योजनाओं के माध्यम से प्रेशर पाइपलाइन द्वारा सीधे खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। आधुनिक तकनीक से संचालित यह व्यवस्था किसानों को समय पर और नियंत्रित मात्रा में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे फसल उत्पादन में गुणात्मक और मात्रात्मक दोनों स्तरों पर वृद्धि होगी।
लगभग 616 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण होने वाली इन योजनाओं से मैहर जिले की 7 तथा कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों के हजारों किसान परिवार लाभान्वित होंगे। खेतों तक पाइपलाइन बिछाकर कनेक्शन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वर्षा पर निर्भरता कम होगी और बहुफसली कृषि को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक संजय पाठक लंबे समय से बाणसागर डैम की जल क्षमता का उपयोग क्षेत्र के किसानों के हित में करने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत सर्वे, तकनीकी परीक्षण और डीपीआर तैयार करवाई तथा उसे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इन योजनाओं को स्वीकृति दिए जाने के बाद विजयराघवगढ़ क्षेत्र में इसे ऐतिहासिक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से न केवल कृषि उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आय में वृद्धि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है। 28 फरवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री का विजयराघवगढ़ आगमन इसी विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण और स्मरणीय अध्याय के रूप में दर्ज होने जा रहा है।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
