एनएसएस के सात दिवसीय शिविर का बिजौरी में आयोजन जारी।
पांचवें दिन स्वच्छता,सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण का दिया गया संदेश।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम बिजौरी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं सामाजिक चेतना के साथ निरंतर जारी है। शिविर के पांचवें दिवस एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा सेवा, श्रम एवं जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विविध रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान के साथ की गई। स्वयंसेवकों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता के महत्व को व्यवहार में उतारने का संदेश दिया। इस दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट हटाने, खुले स्थानों की सफाई तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति ग्रामीणों को प्रेरित किया गया।
स्वच्छता अभियान के उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम बिजौरी में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीणों को मतदाता जागरूकता, नशा मुक्ति, बाल संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों की जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने संवादात्मक शैली में ग्रामीणों को यह समझाया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का विशेष महत्व होता है तथा नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। साथ ही बाल अधिकारों की रक्षा एवं बाल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
जन-जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ भी विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को बच्चों के समुचित पालन-पोषण, नियमित स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पोषणयुक्त भोजन के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने यह भी बताया कि बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर ध्यान देना भी आवश्यक है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
शिविर के पांचवें दिवस का कार्यक्रम उस समय और अधिक प्रेरणादायी हो गया, जब बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह का शिविर स्थल पर आगमन हुआ। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति स्वयं शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं होगा, तब तक वह समाज और राष्ट्र के लिए सार्थक योगदान नहीं दे सकता। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम एवं सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया।
विधायक श्री सिंह ने अपने संबोधन में चरित्र निर्माण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ चरित्र में ही स्वस्थ राष्ट्र का निवास होता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों के भीतर असीम क्षमता निहित है और यदि वे अपनी क्षमता को सही दिशा में लगाएं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए आश्वस्त किया कि समाज एवं राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक प्रयास में वे सदैव उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर पर्यावरणविद एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, मानव मूल्यों एवं चरित्र निर्माण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि युवा यदि सेवा भावना, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करें, तो समाज को नई दिशा दी जा सकती है। साथ ही उन्होंने एनएसएस गतिविधियों में निरंतर सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने अतिथियों, स्वयंसेवकों, ग्रामवासियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्वयंसेवकों के अनुशासित एवं समर्पित कार्य की सराहना करते हुए शिविर की शेष गतिविधियों को भी इसी उत्साह के साथ संपन्न करने का आह्वान किया।
ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734
