ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, कोतवाली पुलिस ने मुंबई से दबोचे पांच आरोपी।
लाखों के सट्टा कारोबार का पर्दाफाश, मोबाइल-लैपटॉप, पासबुक व एटीएम सहित साक्ष्य जब्त।
कटनी,ग्रामीण खबर mp:
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कोतवाली पुलिस ने मुंबई से पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अजय बहादुर सिंह, चौकी बस स्टैंड प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा और उनकी टीम द्वारा की गई।
दिनांक 11 मई 2025 को थाना कोतवाली अंतर्गत बस स्टैंड पुलिस चौकी को एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कैलवारा फाटक के पास एक व्यक्ति अपने मोबाइल से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को त्वरित रूप से रवाना किया गया। मौके पर पहुँचने पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का व्यक्ति पुलिस को दिखा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम भरत मूलचंदनी पिता अशोक कुमार मूलचंदनी उम्र 36 वर्ष निवासी शांतिनगर माधवनगर कटनी बताया।
पुलिस ने मौके पर ही उसके मोबाइल की जांच की, जिसमें "hunterexeh" नामक ऑनलाइन सट्टा आईडी से श्रीलंका व इंडिया वूमेन टीम के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते पाया गया। आरोपी भरत मूलचंदनी ने पूछताछ में बताया कि वह यह सट्टा आईडी भगवान दास उर्फ हरीश प्रथ्यानि नामक व्यक्ति से प्राप्त करता था। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 396/25 धारा 4(क) सट्टा एक्ट 49 बी एन एस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
मामले की विवेचना एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान भगवान दास उर्फ हरीश प्रथ्यानि के मुंबई में होने की जानकारी सामने आई। इस सूचना को उच्च अधिकारियों से साझा किया गया जिसपर पुलिस अधीक्षक द्वारा एक विशेष टीम गठित कर तत्परता से मुंबई रवाना किया गया। पुलिस टीम ने थाना रबोड़ी क्षेत्र में स्थित एक पॉश फ्लैट पर छापा मारकर पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी फ्लैट में किराए से रहकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भगवान दास उर्फ हरीश प्रथ्यानि पिता सुन्दरलाल प्रथ्यानि उम्र 38 वर्ष निवासी किरण टॉकीज के पीछे थाना कोतवाली जिला शहडोल, लकी वाधवानी पिता शंकरलाल वाधवानी उम्र 37 वर्ष निवासी सिंधी कॉलोनी नर्सिंगपुर, मनीष साहू पिता विजय साहू उम्र 39 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती थाना कोतवाली कटनी, प्रियांशु जायसवाल पिता अनुराग जायसवाल उम्र 29 वर्ष निवासी गौतम मोहल्ला कोतवाली कटनी एवं रवि वाधवानी पिता घनश्याम दास मेघवानी उम्र 30 वर्ष निवासी बदनपुर थाना गढ़ा जबलपुर शामिल हैं।
पुलिस ने फ्लैट की तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ऑनलाइन सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे एक लैपटॉप, एक टैब, पाँच मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की सात पासबुक, तीन एटीएम कार्ड तथा दो रजिस्टर जब्त किए हैं, जिनमें लगभग 20 लाख रुपये के सट्टा लेनदेन की जानकारी दर्ज पाई गई।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को पूछताछ हेतु कटनी लाया गया है और उनसे ऑनलाइन सट्टेबाजी के पूरे नेटवर्क को लेकर विस्तार से पूछताछ जारी है। इस कार्यवाही से स्पष्ट है कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर संगठित तरीके से सट्टा संचालन कर रहे थे।
इस सफलता में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अजय बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी बस स्टैंड उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह, सउनि दीपेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, आरक्षक सुशील पांडेय, नीरज पांडेय, अनमोल सिंह तथा मनु त्रिपाठी की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस तत्परता और रणनीतिक कार्यप्रणाली से एक बड़े सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश हो सका है, जिससे जिले में अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।
