प्रधानमंत्री की स्तुति में सेना को झुकाने वाले मंत्री के बयान पर कांग्रेस भड़की,किया पुतला दहन व जोरदार विरोध प्रदर्शन।

 प्रधानमंत्री की स्तुति में सेना को झुकाने वाले मंत्री के बयान पर कांग्रेस भड़की,किया पुतला दहन व जोरदार विरोध प्रदर्शन।

"सेना नतमस्तक है मोदी के नहीं"—कांग्रेस ने वित्त मंत्री के बयान को बताया सेना का अपमान, देश के स्वाभिमान पर हमला

कटनी,ग्रामीण खबर MP:

मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के हालिया बयान से प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। जबलपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवड़ा ने कहा, "आज पूरा देश, देश की सेना और हमारे सैनिक भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक हैं।" इस बयान को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए इसे न सिर्फ देश की सेना का अपमान बताया, बल्कि इसे लोकतंत्र और संविधान के मूल भावों के विरुद्ध करार दिया।

बयान के विरोध में कटनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज़िला अध्यक्ष करण सिंह चौहान के नेतृत्व में कचहरी चौराहे पर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसजन "जगदीश देवड़ा इस्तीफा दो", "विजय शाह इस्तीफा दो", "सेना का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान", जैसे गगनभेदी नारों के साथ सड़कों पर उतरे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने देवड़ा का पुतला जलाया और उनके खिलाफ विरोध स्वरूप पोस्टर फाड़े गए।

कांग्रेस का आरोप है कि देवड़ा का यह बयान न केवल भारतीय सेना के गौरव को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह सैनिकों की निष्पक्षता और समर्पण पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस ने यह भी कहा कि देश की सेना किसी व्यक्ति, दल या विचारधारा की नहीं, केवल भारत माता की सेवा में समर्पित है।

प्रदर्शन के दौरान ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने कहा कि "प्रधानमंत्री मोदी को भगवान बताने वाले नेता अब सैनिकों को भी उनके चरणों में झुका हुआ बता रहे हैं, यह सरासर राष्ट्रविरोधी मानसिकता है।" उन्होंने मांग की कि ऐसे बयान देने वाले मंत्री को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए और वह देश की जनता और सेना से माफ़ी मांगें।

इस विरोध कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, जिला शहर कार्यवाहक अध्यक्ष राजा जगवानी, जिलाउपाध्यक्ष राजमणि तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम जफर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष विजय पटेल, सेवादल अध्यक्ष पंकज गौतम, सद्भावना प्रकोष्ठ अध्यक्ष जार्ज डेविड, जिला कांग्रेस सचिव रॉबिन पीटर, पार्षद ईश्वर बाहरानी, शशि यादव, कल्पना पाठक, महामंत्री अजय जैसवानी, विवेक बिरहा, अंकित चतुर्वेदी, विकल्प पुरुषवानी, एजाज अहमद, एडवर्ड प्रिंस, गगन तिवारी, मंगल सिंह, बृजेश मोर, उदय सिंह, दिलदार खान, सत्यम यादव, अर्जुन सिंह, अशोक बहलानी, मुन्नालाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

प्रदर्शन में मौजूद नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मंत्री देवड़ा ने बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफ़ी नहीं मांगी, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के अंत में भारत माता की जय और सेना की जय के नारे लगाए गए।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर MP
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post