पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर 10 दिवसीय महोत्सव में होंगे विविध आयोजन, शोभायात्रा से होगा समापन।

 पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर 10 दिवसीय महोत्सव में होंगे विविध आयोजन, शोभायात्रा से होगा समापन।

21 से 31 मई तक महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, धार्मिक आयोजनों की श्रंखला; 31 मई को निकलेगी भव्य शोभायात्रा।

कटनी,ग्रामीण खबर mp:

पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर नगर सहित जिलेभर में भव्य और विविध आयोजनों की योजना बनाई गई है। इस ऐतिहासिक अवसर को उत्सव के रूप में मनाने हेतु भाजपा जिला कार्यालय में एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर केवल एक शासिका नहीं बल्कि एक समाज सुधारक भी थीं। उन्होंने धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार कर उन्हें नया स्वरूप प्रदान किया और सामाजिक समरसता को बल दिया। उन्होंने अपने कार्यकाल में समाज को संगठित करने और विशेष रूप से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनुकरणीय कार्य किए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भी देवी अहिल्याबाई के कार्य और सोच प्रासंगिक हैं और हमें उनके पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

जिला संयोजक अंकिता तिवारी ने बताया कि यह 10 दिवसीय आयोजन 21 मई से प्रारंभ होकर 31 मई तक चलेगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला में महिला सम्मेलन, धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन, स्वच्छता अभियान, विचार संगोष्ठी, काव्य गोष्ठी, समाजसेवी संगठनों की भागीदारी वाले आयोजन शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि 31 मई को पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो जिले की संस्कृति और श्रद्धा का प्रतीक होगी।

पूर्व विधायक अलका जैन ने देवी अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे नारी शक्ति की प्रतिमूर्ति थीं। उनका जीवन समाज के प्रति समर्पित रहा, उन्होंने शासन में रहते हुए धार्मिक और सामाजिक सुधारों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर की दूरदर्शिता, नीति-निपुणता और सेवा भावना उन्हें भारतीय इतिहास की एक अमर विभूति बनाती है।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीमा जैन सोगानी ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि हम पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती मनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो कार्य किये — चाहे वह कुएं-बावड़ी हों, अन्न क्षेत्र, धर्मशालाएं या तीर्थ स्थलों का विकास — वे आज भी उनकी उपस्थिति का अनुभव कराते हैं और हमें प्रेरित करते हैं।

कार्यशाला में मंचासीन अतिथियों में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पीताम्बर टोपनानी, पूर्व विधायक अलका जैन, भाजपा जिला महामंत्री सुनील उपाध्याय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सोनी, जिला संयोजक अंकिता तिवारी तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा जैन सोगानी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा मीडिया प्रभारी आशुतोष शुक्ला, सोशल मीडिया विभाग जिला संयोजक सचिन तिवारी सहित अनेक कार्यकर्ता, समाजसेवी तथा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने हेतु सामूहिक सहयोग की भावना से कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा आगामी दिनों में जारी की जाएगी, जिसमें प्रत्येक आयोजन की तिथि, स्थान तथा सहभागिता के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। आयोजकों का उद्देश्य है कि यह महोत्सव न केवल श्रद्धा का प्रतीक बने बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का माध्यम भी हो।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी,ग्रामीण खबर mp
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post