27 मई को जीतू पटवारी का कटनी आगमन, सिंधु भवन माधव नगर में होगा ऐतिहासिक कार्यकर्ता सम्मेलन।
मंगलवार दोपहर 3 बजे सड़क मार्ग से जिला उमरिया मार्ग होते हुए पहुंचेंगे कटनी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित।
कटनी,ग्रामीण खबर MP:
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव रणवीर सिंह लोचव 27 मई मंगलवार को दोपहर 3 बजे कटनी पधार रहे हैं। वे जिला उमरिया मार्ग से सड़क मार्ग के माध्यम से नगर में प्रवेश करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस द्वारा एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जो माधव नगर स्थित सिंधु भवन में पहली बार आयोजित होने जा रहा है।
यह कार्यक्रम कांग्रेस संगठन की आगामी रणनीतियों, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट कर प्रदेश में नई ऊर्जा के साथ आगामी चुनावों के लिए तैयार करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जीतू पटवारी इस सम्मेलन में कटनी सहित पूरे जिले से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठनात्मक दिशा-निर्देश देंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, संगठनात्मक प्रभारियों, नगर निगम पार्षदों, विभागों, प्रकोष्ठों, मंडलों एवं सेक्टर अध्यक्षों सहित सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि समस्त पदाधिकारी कार्यक्रम में समय पर उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाएं।
सिंधु भवन कार्यक्रम स्थल की समुचित व्यवस्थाओं के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं जिन्हें आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं। बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ता अनुशासित रूप में मौजूद रहेंगे ताकि पटवारी के संबोधन का पूरा लाभ संगठन को मिल सके।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार साझा किए। बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर गुमान सिंह, शहर कार्यकारी अध्यक्ष राजा जगवानी, प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामनरेश त्रिपाठी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव नीरज सिंह बघेल, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला, सेवा दल प्रभारी विवेक पांडे गोल्डन, इंटक परिषद अध्यक्ष बीएम तिवारी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय पटेल, सद्भावना प्रकोष्ठ अध्यक्ष जॉर्ज डेविड, जिला कांग्रेस सचिव रॉबिन पीटर, ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शरद द्विवेदी, अभय खरे, प्रिंस सिंह सहित अन्य अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी नेताओं ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में पहुँचने की अपील की। इस सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाने जा रही है।