21वीं सदी के भारत के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अहम भूमिका।

 21वीं सदी के भारत के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अहम भूमिका।

दूरसंचार और आईटी क्रांति के जनक, युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाने वाले राजीव जी को कटनी में कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि।

कटनी,ग्रामीण खबर mp:

भारत माता की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कटनी में कांग्रेसजनों द्वारा "पूर्व विधायक सिप्पू भाई सदन", मिशन चौक में एक श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके योगदान को स्मरण किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने राजीव गांधी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। वे केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक विचार थे, जिन्होंने अपने अल्पकालीन कार्यकाल में भारत की आधारभूत संरचना को आधुनिकता की दिशा में मोड़ दिया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का सपना एक ऐसा भारत था, जो तकनीकी रूप से सशक्त, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से न्यायसंगत हो।

कार्यवाहक अध्यक्ष राजा जगवानी ने राजीव गांधी की दूरदृष्टि और विकासशील सोच की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्णय आज भी देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। उन्होंने जिस प्रकार पंचायती राज को सशक्त किया, उससे लोकतंत्र की जड़ें गांव-गांव तक गहरी हुईं।

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने राजीव गांधी के कथन का स्मरण करते हुए कहा कि “भारत एक प्राचीन देश, लेकिन एक युवा राष्ट्र है।” उन्होंने अपने युवा नेतृत्व में भारत को आधुनिकता की ओर अग्रसर किया और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति की नींव रखी।

जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष पंकज गौतम ने कहा कि 21वीं सदी के भारत की जो नींव आज हमें दिखाई देती है, उसमें राजीव गांधी का योगदान अमिट है। उन्होंने तकनीकी शिक्षा, संचार, और कंप्यूटरीकरण को बढ़ावा देकर एक डिजिटल युग की कल्पना को साकार किया।

महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा ने कहा कि जब उन्होंने मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की, तब देश के युवाओं को लोकतंत्र में भागीदारी का अधिकार मिला। महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी प्रासंगिक हैं।

वरिष्ठ पार्षद मौसूफ अहमद बिट्टू ने राजीव गांधी को सच्चा देशभक्त बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन को देश सेवा में समर्पित कर दिया। उनका हर कदम भारत को एक समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में था।

जिला कांग्रेस सद्भावना प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जार्ज डेविट ने कहा कि राजीव गांधी न केवल आधुनिक भारत के शिल्पकार थे, बल्कि उन्होंने दूरसंचार, आईटी और पंचायती राज जैसी व्यवस्थाओं को नई दिशा दी।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम जाफर ने कहा कि राजीव गांधी ने समाज के हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने शासनकाल में 11 व्यापक नीतियों को लागू किया, जो आज भी विकास का आधार बनी हुई हैं।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस महिला उपाध्यक्ष अदिता वर्मा, उपभोक्ता प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ला, कार्यवाहक अध्यक्ष कल्लू दास बैरागी, जिला कांग्रेस सचिव रॉबिन पीटर, सोशल मीडिया के विकल्प पुरुषवानी अभय खरे सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर बना, बल्कि एक विचार मंच के रूप में भी कार्य किया जहाँ राजीव गांधी के विचार, आदर्श और कार्यशैली को युवा पीढ़ी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


प्रधान संपादक:अज्जू सोनी, ग्रामीण खबर MP
संपर्क सूत्र:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post