विद्यार्थियों को पौध प्रसारण का तकनीकी प्रशिक्षण,जैविक कृषि विशेषज्ञ द्वारा स्वरोजगार हेतु व्यावसायिक शिक्षा का मार्गदर्शन।
कटनी:
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्राचार्य डॉक्टर सुनील कुमार बाजपेई के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण समन्वयक डॉक्टर व्ही के द्विवेदी के सहयोग से जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के अंतर्गत पौध प्रसारण की तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया गया। फलों एवं फूलों की संख्या बढ़ाने के लिए बीज या वनस्पति तरीकों का प्रयोग किया जाता है, जिसे मुख्य रूप से दो विधियों में विभाजित किया गया है—लैंगिक (बीज द्वारा प्रसारण) तथा अलैंगिक (वानस्पतिक प्रसारण)। इन दोनों विधियों के गुण, दोष, लाभ एवं हानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वानस्पतिक प्रसारण की विधियों में कली, जेमाओ, पत्ती, भूमि में रहने वाले तने, एवं पत्र प्रकलिका द्वारा पौधों का प्रसारण किया जाता है। इसके अतिरिक्त, कृत्रिम विधियों के अंतर्गत तने को काटकर, दाब विधि, गूटी बांधना, ग्राफ्टिंग एवं बडिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस व्यावसायिक प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार की दिशा में सक्षम बनाना है, जिससे वे इन तकनीकों को अपनाकर स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकें।