विजयराघवगढ़ में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों एवं गोदामों का किया औचक निरीक्षण।
त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट,दुकानदारों को सुरक्षा मानकों और शासन की गाइडलाइन का पालन करने के दिए निर्देश।
विजयराघवगढ़। आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से विजयराघवगढ़ पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों और गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्थाई रूप से संचालित पटाखा दुकानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दुकान संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र के मार्गदर्शन में यह निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षक एवं थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ अभिषेक चौबे तथा तहसीलदार विजयराघवगढ़ मनीष शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र में स्थापित अस्थाई पटाखा दुकानों एवं संबंधित गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पटाखा विक्रय से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुकान संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप ही विस्फोटक सामग्री का विक्रय करें। दुकानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जाना आवश्यक है।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान पटाखों की खरीद-बिक्री बढ़ने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी है। दुकानों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें तथा असामाजिक तत्वों को दुकानों के आसपास गतिविधियां करने से रोकने के लिए सजग रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की खुशियां सुरक्षित वातावरण में मनाना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए दुकानदारों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से पटाखों का विक्रय और भंडारण करें।
विजयराघवगढ़ पुलिस द्वारा किए गए इस आकस्मिक निरीक्षण को त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है।


