सिलौंड़ी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का 58वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ पौधारोपण,पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का संदेश।
सिलौंड़ी। शासकीय महाविद्यालय सिलौंड़ी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और उसके मूल मंत्र “नॉट मी, बट यू” अर्थात “स्वयं से पहले आप” का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य रतीराम अहिरवार, मुख्य अतिथि सरपंच पंचो बाई, चौकी प्रभारी अनिल पाण्डेय एवं आरक्षक धर्मवीर सिंह की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज मिश्रा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस अधिकारी डॉ. लक्ष्मी प्रसाद बागरी ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के गौरवशाली इतिहास और इसकी स्थापना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने एनएसएस के मूल मंत्र “नॉट मी, बट यू” के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से समाज एवं राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्राचार्य रतीराम अहिरवार की अध्यक्षता में महाविद्यालय के समस्त स्टॉफ एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न औषधीय एवं फलदार पौधे रोपे। इस दौरान आम, नीम, जामुन, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर एवं रंगोली का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पोस्टर एवं रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक सेवा, राष्ट्र निर्माण तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन गतिविधियों ने कार्यक्रम में आकर्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि युवाओं को समाज से जोड़ने और उनमें सेवा, सहयोग तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. संदीप कपूर द्वारा उपस्थित अतिथियों, महाविद्यालय के स्टॉफ एवं सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी, डॉ. हेमन्त कुमार चौरसिया, डॉ. अंकुर ओमेर, डॉ. अजय कच्छवाहा, डॉ. ममता पटले, डॉ. वंदना सिंह, रमन श्रीवास्तव,रोहणी प्रसाद राय, कंचन कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त स्टॉफ एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
राष्ट्रीय सेवा योजना के 58वें स्थापना दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भावना और सामाजिक दायित्व की चेतना जागृत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश देने वाला रहा।


