सिलौंडी कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता।
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने कला के माध्यम से प्रस्तुत की कल्पनाएं,प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।
सिलौंडी। शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सिलौंडी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में महाविद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर एवं चित्रकला तथा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रतिराम अहिरवार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य रतिराम अहिरवार, मुख्य अतिथि सरपंच रग्गो बाई, चौकी प्रभारी अनिल पाण्डेय एवं आरक्षक धर्मवीर सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय को केंद्र में रखते हुए अपनी रचनात्मक सोच और कल्पनाशीलता को पोस्टर, चित्रकला एवं रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता में कुल 16 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने देश के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा अलका यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा नेहा पाल द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र महेन्द्र सिंह बागरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार रंगोली प्रतियोगिता में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 8 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। रंगोली प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा नंदिनी पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा निशा एवं लक्ष्मण सोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बीएससी प्रथम वर्ष की छात्राओं आकांक्षा एवं पूनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को जीवंत रूप प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक सरोकार और सकारात्मक सोच की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में डॉ. ममिता पटले एवं डॉ. वंदना सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संदीप कपूर ने उपस्थित अतिथियों, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी, डॉ. हेमन्त कुमार चौरसिया, डॉ. अंकुर ओमर, पंकज मिश्रा, चंदन यादव, डॉ. अजय कछवाहा, रमन श्रीवास, रोहणी प्रसाद राय, कंचन डुमार सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग रहा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच प्रदर्शित करने का अवसर मिला, वहीं सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को भी प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।


