चाचा-भतीजा विजयराघवगढ़ पुलिस की गिरफ्त में,2 किलो 960 ग्राम गांजा जब्त।

 चाचा-भतीजा विजयराघवगढ़ पुलिस की गिरफ्त में,2 किलो 960 ग्राम गांजा जब्त।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा,करीब 35 हजार रुपये कीमत का गांजा और मोटरसाइकिल जब्त।

विजयराघवगढ़। थाना विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से गांजा परिवहन करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 960 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आपस में चाचा-भतीजा बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 5 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र के आई.टी.आई. विजयराघवगढ़ स्थित तलैया के पास मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस टीम द्वारा आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। दोनों का आचरण संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति के पास एक पिट्ठू बैग मिला। पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। गांजे का वजन करने पर कुल 2 किलो 960 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजा एवं मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान समयलाल कोल पिता सुखलाल कोल तथा गोविंद प्रसाद पिता प्रेमलाल कोल, उम्र 52 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम खिरवा नंबर 1, थाना विजयराघवगढ़, जिला कटनी के रूप में की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आपस में चाचा-भतीजा हैं।

मामले में आरोपियों का कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना विजयराघवगढ़ में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विजयराघवगढ़ पुलिस टीम द्वारा की गई।

सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि जगदीश प्रसाद पाण्डेय, सउनि विक्रम सिंह, सउनि संतोष स्वामी, आरक्षक 552 अंजनी झा तथा स्वतंत्र साक्षी राहगीरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post