बारिश से किसानों के चेहरे खिले,उफनाई सुआ नदी में फंसे परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन को युवकों ने बचाया।
लगातार बारिश से नदियां-नाले उफान पर,कई मार्ग हुए बंद, ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित,नेगई के युवकों ने दिखाई बहादुरी।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
सिलौंडी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर खुशी लौटा दी है, वहीं दूसरी ओर तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से किसान अब खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी में जुट गए हैं। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह वर्षा राहत लेकर आई है।
लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर पुलों के ऊपर पानी बहने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। कुंडम-सिलौंडी मार्ग तथा नेगई-सिलौंडी मार्ग पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। लोगों को घंटों तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा, जिससे दैनिक कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब सिलौंडी से नेगई परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन सुआ नदी का पुल पार कर रहे थे। नदी में तेज बहाव होने के कारण जंगल से बहकर आई लकड़ी में दोनों फंस गए और पानी के साथ बहने लगे। पुल के पास मौजूद नेगई गांव के युवकों ने तत्काल साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया और भाई-बहन की जान बच गई।
बारिश के कारण सुआ नदी के पुल के ऊपर पानी बहने से लगभग एक दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो सांगवा और लालपुर जाने वाले अस्थायी पुल पर भी आवागमन पूरी तरह बंद हो जाएगा। इससे स्कूली बच्चों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं तथा लोगों को उफनती नदियों और पुलों को पार करने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वहीं क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से भी सतर्कता बरतने और तेज बहाव के दौरान नदी-नालों को पार करने से बचने की अपील की जा रही है।
एक ओर जहां यह बारिश किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर उफनती नदियां और बंद मार्ग ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। ऐसे समय में नेगई गांव के युवकों द्वारा दिखाई गई बहादुरी पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बन गई है।

