सिलौंडी पुलिस हुई अलर्ट,नदी-नालों पर जलभराव की स्थिति से निपटने स्टॉपर लगाए।
थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के मार्गदर्शन में चौकी पुलिस ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण,लोगों से पुलों पर पानी होने पर वाहन नहीं निकालने की अपील।
सिलौंडी,ग्रामीण खबर MP।
मानसून के दौरान लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिलौंडी पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। शासन के निर्देशानुसार थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के मार्गदर्शन में चौकी सिलौंडी पुलिस द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलभराव वाले स्थानों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन स्थानों की पहचान की गई जहां बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित होने की संभावना रहती है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने नदी एवं नालों पर जलभराव की स्थिति में लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर स्टॉपर रखवाए, ताकि पानी बढ़ने की स्थिति में वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से बचा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित स्थानों की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी।
चौकी सिलौंडी पुलिस ने ग्रामीणों एवं वाहन चालकों से अपील की कि यदि किसी पुल, रपटे या सड़क पर पानी बह रहा हो तो किसी भी परिस्थिति में वाहन निकालने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने कहा कि बारिश के मौसम में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने ग्रामीणों से यह भी आग्रह किया कि यदि किसी क्षेत्र में जलस्तर अचानक बढ़ता है या कोई व्यक्ति बाढ़ अथवा जलभराव में फंस जाता है तो तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
इस अभियान के दौरान चौकी प्रभारी अनिल पांडे, प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, आरक्षक धर्मवीर तथा रामसेवक विश्वकर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस का यह अभियान मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

