किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन,मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

 किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन,मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

एमएसपी पर शत-प्रतिशत खरीदी,खरीदी केंद्र स्थानांतरण,खाद उपलब्धता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित चार प्रमुख मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग।

ढीमरखेड़ा,ग्रामीण खबर MP।

क्षेत्र के किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा ने कार्यकारी अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों की संपूर्ण उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर शत-प्रतिशत क्रय सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी किसान को अपनी उपज कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समर्थन मूल्य पर पूरी खरीदी सुनिश्चित होती है तो किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

इसके अलावा ज्ञापन में वर्तमान में संचालित राधे कृष्णा वेयरहाउस, भूला स्थित खरीदी केंद्र को किसानों के लिए दूर एवं असुविधाजनक बताया गया। मांग की गई कि इस खरीदी केंद्र को तहसील मुख्यालय के समीप पान उमरिया क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए, जिससे किसानों का परिवहन खर्च कम हो सके तथा समय की भी बचत हो।

कृषि कार्यों के व्यस्त मौसम का उल्लेख करते हुए किसानों के लिए समय पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। साथ ही बाजार में खाद की कृत्रिम कमी उत्पन्न करने वाले तत्वों तथा कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया, ताकि किसानों को आवश्यक उर्वरक आसानी से उपलब्ध हो सके।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वर्तमान समय कृषि कार्यों का सबसे महत्वपूर्ण दौर है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए किसानों के हित में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कर निर्धारित समयानुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित न हो।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों की इन महत्वपूर्ण मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा के कार्यकारी अध्यक्ष आनंद मिश्रा, कमलेश रजक, प्रकाश पटेल, ओमकार दुबे, राहुल पटेल, संतन पुरी, प्रमोद पटेल, मनीष पटेल, आनंद गौतम, सुरेश सोनी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post