कटनी में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई,ओवरलोड खनिज परिवहन करते दो हाइवा वाहन जब्त।
ई-ट्रांजिट पास में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज परिवहन करते मिले वाहन,स्लीमनाबाद एवं कुठला थानों में कराए गए खड़े, प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में होंगे प्रस्तुत।
कटनी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने ओवरलोड खनिज परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहनों को जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। दोनों वाहनों को संबंधित थानों में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है तथा प्रकरणों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में खनिज विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष जांच एवं चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि अभियान के दौरान मैदानी निरीक्षण एवं दस्तावेजों की जांच में हाइवा वाहन क्रमांक आरजे-18-जीडी-4656 ई-ट्रांजिट पास में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज परिवहन करते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल वाहन को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा के लिए थाना स्लीमनाबाद में खड़ा कराया गया।
इसी अभियान के दौरान एक अन्य हाइवा वाहन क्रमांक एमपी-21-जेडडी-0703 भी निर्धारित सीमा से अधिक खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए इस वाहन को भी जब्त कर थाना कुठला की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया।
खनिज विभाग ने दोनों मामलों में अवैध खनिज परिवहन के प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। नियमानुसार अब इन प्रकरणों को आगे की सुनवाई एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह संयुक्त कार्रवाई उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं सहायक खनिज अधिकारी कमलकांत परस्ते के नेतृत्व में की गई। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान ई-ट्रांजिट पास में दर्ज मात्रा और वास्तविक परिवहन की मात्रा का मिलान किया गया, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध संयुक्त टास्क फोर्स का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन संचालक के विरुद्ध खनिज नियमों के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने खनिज परिवहन से जुड़े सभी वाहन संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज परिवहन करने की अपील भी की है।


