बड़वारा विधायक के पत्र पर कलेक्टर का त्वरित निर्णय,उमरियापान में ही रहेगा उड़द-मूंग खरीदी केंद्र।

 बड़वारा विधायक के पत्र पर कलेक्टर का त्वरित निर्णय,उमरियापान में ही रहेगा उड़द-मूंग खरीदी केंद्र।


ढीमरखेड़ा तहसील के किसानों को बड़ी राहत,भूला के स्थान पर उमरियापान उप कृषि उपज मंडी परिसर में खरीदी केंद्र संचालित करने के आदेश जारी।

उमरियापान, ग्रामीण खबर MP।

ढीमरखेड़ा तहसील के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी को भेजे गए पत्र पर त्वरित संज्ञान लिया गया है। कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र को ग्राम भूला के स्थान पर पूर्ववत उमरियापान उप कृषि उपज मंडी परिसर में संचालित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों किसानों को अपनी उपज बेचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, पूर्व वर्षों से उमरियापान उप कृषि उपज मंडी में उड़द एवं मूंग की खरीदी व्यवस्थित रूप से होती रही है। यहां किसानों के लिए पर्याप्त संसाधन, भंडारण, परिवहन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद इस वर्ष खरीदी केंद्र को राधेश्याम वेयरहाउस, ग्राम भूला में स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया था, जिससे ढीमरखेड़ा तहसील के अनेक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए 30 से 100 किलोमीटर तक की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती। इससे किसानों पर परिवहन व्यय का अतिरिक्त बोझ पड़ने के साथ-साथ समय की भी बड़ी हानि होती और उन्हें कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता।

किसानों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कलेक्टर को पत्र लिखकर आग्रह किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र को पूर्ववत उमरियापान उप कृषि उपज मंडी परिसर में ही संचालित किया जाए। विधायक ने अपने पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया कि उमरियापान मंडी में वर्षों से खरीदी की सफल व्यवस्था संचालित होती रही है तथा यहां किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती। ऐसे में खरीदी केंद्र को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने से किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

विधायक के पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने मामले की समीक्षा कर किसानों के हित में निर्णय लिया और आदेश जारी कर दिए कि उड़द एवं मूंग खरीदी केंद्र ग्राम भूला के स्थान पर उमरियापान उप कृषि उपज मंडी परिसर में ही संचालित किया जाएगा। प्रशासन के इस निर्णय का क्षेत्र के किसानों ने स्वागत किया है और इसे किसान हित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।

इस निर्णय से ढीमरखेड़ा तहसील सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। परिवहन खर्च में कमी आने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी और खरीदी प्रक्रिया अधिक सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेगी। किसानों का कहना है कि उमरियापान में खरीदी केंद्र यथावत रहने से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी तथा फसल विक्रय की प्रक्रिया पहले की तरह सरल और सुविधाजनक बनी रहेगी।

क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के इस निर्णय को जनहित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि इससे खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होगी और किसानों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post