होटल में बंधक बनाकर युवक से 95 हजार रुपये की वसूली,मारपीट का वीडियो वायरल,तीन आरोपी गिरफ्तार।
कमीशन विवाद में अपहरण कर होटल के कमरे में बनाया बंधक,चाकू की नोक पर वसूली,पुलिस ने नकदी,हथियार,मोबाइल और कार जब्त कर आरोपियों को भेजा जेल।
जबलपुर,ग्रामीण खबर MP।
शहर में कमीशन के विवाद ने अपराध का खौफनाक रूप ले लिया। एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर उसे होटल के कमरे में बंधक बनाया गया, बेरहमी से मारपीट की गई और चाकू की नोक पर उससे करीब 95 हजार रुपये की वसूली की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद लार्डगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, चाकू, वारदात में प्रयुक्त सटक और आई-20 कार बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम सुंदरादेही निवासी 24 वर्षीय सतेन्द्र सिंह ठाकुर जय नगर लेबर चौक स्थित ग्लैम स्पा एंड सैलून में मैनेजर के रूप में कार्यरत है। उसकी पहचान पिछले एक-दो वर्षों से साहिल चौधरी से थी, जो स्पा में काम के लिए युवतियों की व्यवस्था कराने का कार्य करता था और इसके बदले कमीशन लेता था। इसी कमीशन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
बताया गया कि 30 जून की शाम सतेन्द्र सिंह ठाकुर सैलून में ड्यूटी पर था। इसी दौरान साहिल चौधरी अपने साथ रोहन चौधरी, प्रशांत सेन और एक अन्य युवक को लेकर आई-20 कार से वहां पहुंचा। साहिल ने अकेले में बातचीत करने का बहाना बनाकर उसे कार में बैठने के लिए कहा। जब उसने मना किया तो आरोपियों ने चाकू मारने की धमकी दी। भयभीत होकर वह कार में बैठ गया।
इसके बाद आरोपी उसे जीरो डिग्री क्षेत्र स्थित होटल बेलबेट ले गए, जहां टॉप फ्लोर के एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया। कमरे में उससे एक लाख रुपये कमीशन की मांग की गई। इंकार करने पर प्लास्टिक की सटक से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और लगातार जान से मारने की धमकियां दी जाती रहीं।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने की साजिश के तहत उसके दोनों हाथों में चाकू पकड़ाकर तस्वीरें भी खिंचवाईं। वहीं प्रशांत सेन ने मोबाइल फोन से मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद पूरी रात आरोपी उसे कार में बैठाकर शहर में घुमाते रहे और रुपये देने का दबाव बनाते रहे।
जान का खतरा महसूस होने पर युवक ने पहले अपने पास मौजूद 12 हजार 500 रुपये नकद आरोपियों को दिए। इसके बाद उनके बताए बैंक खाते में दो किश्तों में 44 हजार रुपये और 39 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। कुल मिलाकर आरोपियों ने उससे लगभग 95 हजार 500 रुपये की वसूली कर ली। रुपये मिलने के बाद 1 जुलाई की सुबह आरोपियों ने उसे गुलौआ चौक के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। बाद में युवक को पता चला कि उसकी पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा चुका है।
पीड़ित की शिकायत पर लार्डगंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ तथा नगर पुलिस अधीक्षक रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नवल आर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साहिल चौधरी (25 वर्ष), प्रशांत सेन (34 वर्ष) और रोहन चौधरी (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार 500 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो चाकू, वारदात में प्रयुक्त प्लास्टिक की सटक तथा आई-20 कार जब्त की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस फरार अन्य आरोपी की तलाश भी कर रही है।
इस कार्रवाई में यादव कॉलोनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गनपत मर्सकोले, उपनिरीक्षक दीप्ती लिल्हारे, सहायक उपनिरीक्षक राजेश वर्मा तथा आरक्षक हुलेश, ऋषभ, शुभम, नरेंद्र, हेमराज, आशुतोष और शशांक तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

