कटनी में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"अभियान को मिला विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण साथ,विद्यालयों-महाविद्यालयों में हुईं रचनात्मक प्रतियोगिताएं।

 कटनी में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0"अभियान को मिला विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण साथ,विद्यालयों-महाविद्यालयों में हुईं रचनात्मक प्रतियोगिताएं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में पोस्टर,पेंटिंग,चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन,विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पोस्टर, पेंटिंग, चित्रकला, निबंध एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया।

प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणाम, स्वस्थ जीवनशैली का महत्व, युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी, परिवार एवं समाज पर नशे के दुष्प्रभाव तथा नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक सोच को चित्रों, पोस्टरों और लेखन के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की अभिव्यक्तियों में समाज को जागरूक करने का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि नशे से दूर रहकर ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। विद्यार्थियों से अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

जिले के जिन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, उनमें सेंट पॉल स्कूल कोतवाली, प्राथमिक पाठशाला एनकेजे बजरिया, शासकीय स्कूल चाका, मंगल नगर, सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढीमरखेड़ा, एक्सीलेंस स्कूल बहोरीबंद, स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय स्लीमनाबाद, हायर सेकेंडरी स्कूल बरही, शासकीय हाई स्कूल भुरसा, देवगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरहटा (विजयराघवगढ़), गुरुकुल नालंदा स्कूल झिंझरी तथा थाना कोतवाली अंतर्गत सिविल लाइन क्षेत्र शामिल रहे।

पुलिस विभाग ने बताया कि "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का उद्देश्य केवल नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली औरr सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना भी है। अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम, संवाद, शपथ ग्रहण, रैलियां एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post