कटनी में NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन,मशाल जुलूस निकाल युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की उठाई मांग।
सुभाष चौक से गूंजे शिक्षा व्यवस्था में सुधार के स्वर,कांग्रेस नेताओं ने कहा-पेपर लीक ने तोड़ा छात्रों का विश्वास,दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
देशभर में सामने आए NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर लगातार विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी कटनी द्वारा शहर में युवाओं के समर्थन में विशाल मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार एवं शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। सुभाष चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान हाथों में मशाल, तख्तियां एवं बैनर लेकर कांग्रेसजनों ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, परीक्षा प्रणाली की लापरवाही तथा लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मशाल जुलूस के दौरान पूरा क्षेत्र “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “पेपर लीक बंद करो”, “दोषियों को सजा दो” जैसे नारों से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों, आर्थिक संकट और वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों को बर्बाद कर देती हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे केवल परीक्षा में अनियमितता नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पेपर लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन जब परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आती हैं तो विद्यार्थियों का आत्मविश्वास टूट जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं की उम्मीदों के साथ विश्वासघात है।
एडवोकेट अमित शुक्ला ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों से यह स्पष्ट हो रहा है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर कठोर कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा इसमें शामिल दोषियों, माफियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा को प्रभावित नहीं करता, बल्कि यह लाखों युवाओं के सपनों, संघर्ष और मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों से कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। परिवार अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं छोड़ते, लेकिन इस प्रकार की घटनाएं पूरे परिवार की उम्मीदों को तोड़ देती हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है तथा भविष्य में भी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाती तो कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में और बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी।
मशाल जुलूस के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं ने मेहनती छात्रों का मनोबल तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि मजबूत और प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएं दोबारा न हों।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया जाए, परीक्षा केंद्रों की निगरानी बढ़ाई जाए, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा परीक्षा माफियाओं के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर कठोर अभियान चलाया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मशाल जुलूस एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, प्रियदर्शन गौर, रजनी वर्मा, राकेश जैन कक्का, जालेम यादव, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, अंशु मिश्रा, जितेंद्र गुप्ता, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, रमेश अहिरवार, रमाकांत दुबे, विजय मंगल चौधरी, मुकेश परोहा, श्याम यादव, ओमप्रकाश मुन्ना कुशवाहा, रणजीत सिंह, प्रहलाद यादव, रविंद्र कुंदरा, सुरजीत सिंह, नारायण निषाद, माया चौधरी, हेमा शर्मा, मंगल सिंह, जहांरा बेगम, हाजी गुलाम जाफर, राहुल पटेरिया, कपिल रजक, अजय खटीक, गोलू राजेंद्र चौधरी, मुकेश बर्मन, ललित सोनी, कमल पांडे, ब्रजेश मौर्य, पवन बर्मन, सलाहुद्दीन, रमेश मिश्रा, हर्षित मिश्रा, चिंतामन तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं युवा उपस्थित रहे।
