किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव,समर्थन मूल्य खरीदी की अव्यवस्थाओं पर सरकार को घेरा।
बारदाने की कमी,स्लॉट बुकिंग गड़बड़ी और अधिक तौल से किसानों को नुकसान का आरोप;कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
किसानों की विभिन्न समस्याओं, बढ़ती महंगाई और समर्थन मूल्य पर हो रही खरीदी में अव्यवस्थाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग उठाई तथा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खरीदी व्यवस्था में सुधार की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान वर्तमान समय में खाद, बीज, सिंचाई, बिजली और फसलों के उचित दाम जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार किसानों की परेशानियों के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों पर किसानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खरीदी केंद्रों में बारदाने की कमी, स्लॉट बुकिंग में अनियमितताएं और तौल प्रक्रिया में गड़बड़ियां किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई खरीदी केंद्रों में 50 किलो के स्थान पर 51.400 किलो तक तौल की जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो रहा है।
उन्होंने मांग की कि समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाए तथा किसानों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। साथ ही खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराने और तौल प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
संगठन महासचिव प्रेम बत्रा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन कक्का ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और खरीदी केंद्रों में लगातार अव्यवस्थाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, संगठन महासचिव प्रेम बत्रा, राकेश जैन कक्का, रजनी वर्मा, राजेश जाटव, कमल पांडे, अजय जैसवानी, जितेंद्र गुप्ता, मुकेश परोहा, मंगल सिंह, आफताब अहमद चोखे भाईजान, राहुल होतवानी, इस्तियाक अहमद, नारायण निषाद, विजय मंगल चौधरी, दिग्विजय सिंह, संजय गुप्ता, श्याम पाहुजा, श्याम यादव, सचिन गर्ग, शुभम मिश्रा, मुन्ना कुशवाहा, अजय वर्मा, विजय चंदवानी, सुरेश लालवानी, आदित्य सिंह, राजीव दुबे, इकलाख अहमद, शशि शेखर भारद्वाज, रमेश प्यासी, सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुरेंद्र श्रीवास, राजकुमार कल्लू विश्वकर्मा, राहुल सिंह, हर्ष सेन, सोनू चौहान, दिलदार खान, विजय, यूसुफ खान, अमन कुमार कोल, हर्षित मिश्रा, रवि मंगलानी एवं सुनील सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
