अग्निवीर सेना भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी,युवाओं के लिए सुनहरा अवसर।

 अग्निवीर सेना भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी,युवाओं के लिए सुनहरा अवसर।

1 अप्रैल 2026 अंतिम तिथि;17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन,विभिन्न पदों पर भर्ती।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

 भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। अग्निवीर भर्ती योजना के अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सेना भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर (पुरुष) जीडी, क्लर्क, एसकेटी, तकनीकी, ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास), महिला सैन्य पुलिस के साथ ही स्थाई पदों पर नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेटरिनरी) तथा सिपाही फार्मा जैसे पदों पर भर्ती की जा रही है। यह भर्ती प्रक्रिया युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा का अवसर प्रदान करती है।

भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आवेदन के लिए आयु सीमा 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक दक्षता एवं अन्य आवश्यक मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षण एवं मेडिकल परीक्षण शामिल रहेंगे।

सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर द्वारा अभ्यर्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7247028996 भी जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

युवाओं से अपील की गई है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें और भारतीय सेना में शामिल होकर अपने भविष्य को संवारने के साथ-साथ देश की सेवा का गौरव प्राप्त करें।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post