श्रीरामनवमी पर आविर्भाव समारोह 27 मार्च को,भक्ति और संस्कृति का होगा भव्य संगम।
लोक-भक्ति गायन और ‘मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम’ पर आधारित कत्थक नृत्य-नाटिका सहित विविध प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र।
कटनी,ग्रामीण खबर MP।
श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर जिले में भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास, जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘आविर्भाव समारोह’ का आयोजन 27 मार्च 2026 को सायं 6:30 बजे से शिव मंदिर, भरभरा आश्रम में किया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति का सशक्त मंच बनेगा।
समारोह का शुभारंभ जबलपुर के प्रसिद्ध बुंदेली लोकगायक श्री भवानीदास अहिरवार एवं उनके साथी कलाकारों द्वारा किया जाएगा। उनकी प्रस्तुति में लोकधारा की मधुरता के साथ भगवान श्रीराम की महिमा का भावपूर्ण गुणगान किया जाएगा, जो उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर देगा।
इसके पश्चात भोपाल की सुप्रसिद्ध कलाकार डॉ. श्यामा पंडित एवं उनके दल द्वारा कत्थक शैली में ‘मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम’ पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इस नाट्य प्रस्तुति में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के प्रति अटूट आस्था को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया जाएगा, जो दर्शकों के मन-मस्तिष्क पर गहरी छाप छोड़ेगा।
कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति बुरहानपुर के भजन गायक नितेश सिंह द्वारा दी जाएगी। उनका भावपूर्ण और सुरमयी भक्ति गायन पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति के प्रकाश से आलोकित कर देगा।
यह सांस्कृतिक संध्या न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि भारतीय संस्कृति, रामकथा और लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी। आयोजन के माध्यम से जन-मानस को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
