प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण सम्पन्न,ग्राम विकास व नशा मुक्ति पर दिया गया मार्गदर्शन।
बड़वारा विकासखंड के ग्राम पथवारी में आयोजित कार्यक्रम में जैविक खेती,समग्र ग्राम विकास और शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी।
बड़वारा,ग्रामीण खबर MP।
विकासखंड बड़वारा में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वाधान में नवांकुर संस्था अंचला ग्राम विकास समिति धनवारा द्वारा सेक्टर क्रमांक 02 भूड़सा अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन पथवारी में प्रस्फुटन समितियों के लिए क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम सरपंच अमर राज सिंह उपस्थित रहे, जबकि ग्राम पंचायत सचिव तिलक राज सिंह सोलंकी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य वक्ता के रूप में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक नंदिनी वाटिया ने सहभागिता की। अतिथियों का स्वागत कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में विकासखंड समन्वयक नंदिनी वाटिया ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की अवधारणा, प्रस्फुटन समितियों की कार्यप्रणाली तथा उनके अंतर्गत संचालित होने वाली विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समितियों को दस्तावेजीकरण और अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव के महत्व से भी अवगत कराया।
द्वितीय सत्र में नवांकुर संस्था अंचला ग्राम विकास समिति धनवारा के प्रतिनिधि रघुवीर सिंह ने जैविक खेती, जैविक खाद के उपयोग तथा बिना रासायनिक कीटनाशकों के खेती करने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ टिकाऊ खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
तृतीय चरण में उजाला फाउंडेशन महगवा बरछेका के प्रमुख हरभगत सिंह ने नशा मुक्ति विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के चतुर्थ सत्र में मेंटर्स दुर्गा प्रसाद केवट ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सामूहिक प्रयासों से गांव के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय विकास को गति दी जा सकती है।
कार्यक्रम के मध्य भाग में प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात ग्राम पंचायत सचिव तिलक राज सोलंकी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों और प्रस्फुटन समितियों से इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन मेंटर्स दुर्गा प्रसाद केवट द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक नंदिनी वाटिया, सेक्टर स्तरीय नवांकुर संस्था प्रमुख रघुवीर सिंह, सेक्टर प्रभारी मोहम्मद आसिफ, मेंटर्स दुर्गा प्रसाद केवट, धनीराम कुशवाहा सहित समिति के सदस्य गणेशपुरी गोस्वामी, शिवराज केवट, ठाकुर अमरराज सिंह, संपत लाल तिवारी, नारद पुरी गोस्वामी, राम सूजन यादव, दुलीचंद विश्वकर्मा, जगत नारायण दहिया, माथुर पुरी गोस्वामी, गुलाब भूमिया, कोसा सिंह, शुभा गोस्वामी, रामलाल यादव, सुनील राय, संजय पाटकर, सुनील, कृष्ण कुमार यादव, जगमोहन महोबिया, बनाफर सिंह, सुरेश प्रसाद राय, आकाश मेहरा, शिवराज केवट सहित अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
