अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित,प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण।
विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित हुआ विदिशा स्टेशन,केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान व राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को बनाया यादगार।
विदिशा। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। अत्याधुनिक सुविधाओं, आधुनिक वास्तुशिल्प, दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना तथा यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन अब क्षेत्र के विकास, पर्यटन, व्यापार तथा बेहतर रेल परिवहन व्यवस्था का नया केंद्र बनेगा। इस अवसर पर विदिशा रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, रेलवे अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन विदिशा सहित पूरे मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और देशभर के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन 75 रेलवे स्टेशनों का आज लोकार्पण किया गया है, उनमें मध्यप्रदेश के 13 स्टेशन भी शामिल हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि विदिशा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगर है। ऐसे महत्वपूर्ण शहर को आधुनिक रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व और क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना देश के भविष्य को नई दिशा देने वाली योजना साबित हो रही है।
विदिशा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए देश के रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बना रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ-साथ वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन भारतीय रेलवे को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में रेलवे क्षेत्र के विकास पर लगभग एक लाख करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि यह विदिशा के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक सौगात दी है। उन्होंने कहा कि स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनेक आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य केवल रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक तथा स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित करना है। विदिशा रेलवे स्टेशन में आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर यात्री सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था, आकर्षक भवन, दिव्यांगजन अनुकूल रैंप एवं अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का विकास किया गया है। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्राप्त होगा तथा रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, मध्यप्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष राम मोहन बघेल, महाराज सिंह दांगी, मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश जादौन, विदिशा नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, कलेक्टर अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओ.पी. सनोडिया, रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में भारतीय रेलवे की भूमिका को रेखांकित करते हुए विकास और आधुनिक भारत के संकल्प के साथ हुआ। पुनर्विकसित विदिशा रेलवे स्टेशन अब न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि विदिशा की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रेलवे स्टेशन का यह नया स्वरूप क्षेत्र के विकास, पर्यटन संवर्धन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।


