बरही में 14 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का आगमन,‘कृषि महोत्सव’और आभार रैली की तैयारियों का विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने लिया जायजा।
50 हजार एकड़ भूमि को सिंचित करने वाली दो बड़ी परियोजनाओं की स्वीकृति पर क्षेत्र में उत्साह,विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जनता से ऐतिहासिक स्वागत में शामिल होने की अपील।
बरही,ग्रामीण खबर MP।
कटनी जिले के बरही स्थित श्री विजयनाथ धाम मेला ग्राउंड में 14 मार्च 2026 दिन शनिवार को दोपहर 1.30 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है और प्रशासनिक स्तर के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में विजयराघवगढ़ के लोकप्रिय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
कार्यक्रम स्थल श्री विजयनाथ धाम मेला ग्राउंड में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने मंच व्यवस्था, जनसमूह के बैठने की व्यवस्था, स्वागत द्वार, पार्किंग स्थल, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करते हुए सभी को जिम्मेदारियां सौंपीं और निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने में कोई कमी न रहे। इस दौरान विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बरही आगमन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और उत्साह का विषय है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से विजयराघवगढ़ क्षेत्र के किसानों के लिए एक नई उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की लगभग 50 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचित करने वाली दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक विकास योजना नहीं है बल्कि यह किसानों के वर्षों के संघर्ष, उनके पसीने और उनकी उम्मीदों का सम्मान है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि लंबे समय से विजयराघवगढ़ क्षेत्र के किसान सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था की मांग करते रहे हैं। बारिश पर निर्भर खेती के कारण किसानों को कई बार नुकसान उठाना पड़ता था, लेकिन अब इन नई सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति से किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लागू होने के बाद ‘हर खेत को पानी’ का सपना साकार होगा और क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन के अवसर पर बरही में कृषि महोत्सव और आभार रैली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों किसान, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करेगी और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए उनका अभिनंदन करेगी।
उन्होंने कहा कि कृषि महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि किसानों के सम्मान का उत्सव होगा, जिसमें कृषि से जुड़ी योजनाओं, सिंचाई सुविधाओं और ग्रामीण विकास के विषयों पर भी चर्चा होगी। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भी उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न गांवों और कस्बों से लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। स्वागत द्वारों की तैयारी, बैनर-पोस्टर, मंच सज्जा तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक स्वयं लगातार कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और समय-समय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि यह अवसर क्षेत्र के विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की नई गति देखने को मिल रही है और विजयराघवगढ़ क्षेत्र भी अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों, किसानों, युवाओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में बरही पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य स्वागत करें और इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि जनता की सहभागिता से ही यह कार्यक्रम एक ऐतिहासिक जनउत्सव का रूप लेगा।
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इस दौरे से विजयराघवगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। किसानों के लिए स्वीकृत सिंचाई परियोजनाएं क्षेत्र की कृषि व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन लाएंगी और आने वाले समय में किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सुकता और उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा लोग इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां कर रहे हैं।
