मध्यप्रदेश में 80 प्रतिशत नागरिक दूषित पानी पीने को मजबूर-उमंग सिंघार।

 मध्यप्रदेश में 80 प्रतिशत नागरिक दूषित पानी पीने को मजबूर-उमंग सिंघार।

कटनी दौरे पर नेता प्रतिपक्ष का आरोप,शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में विफल है सरकार,मित्र करण सिंह चौहान के स्वागत से हुए अभिभूत।

कटनी,ग्रामीण खबर MP।

मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के कटनी आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका आत्मीय और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मध्यप्रदेश में आज भी बड़ी संख्या में लोग शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन सरकार इस मूलभूत आवश्यकता को पूरा करने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है।

उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में लगभग 20 प्रतिशत लोग ही आरओ का पानी पी पा रहे हैं, जबकि 80 प्रतिशत नागरिक दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लिए अपने घर में आरओ मशीन लगाना संभव नहीं है और न ही सभी लोग महंगे दाम पर पैक्ड या शुद्ध पानी खरीद सकते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग वही पानी पी रहे हैं जो उन्हें उपलब्ध है, भले ही वह स्वास्थ्य के लिए कितना ही हानिकारक क्यों न हो।

उन्होंने कहा कि दूषित पानी के कारण प्रदेश में कई प्रकार की बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कई शहरी इलाकों में भी पाइपलाइन और जल स्रोतों की स्थिति बेहद खराब है। अनेक स्थानों पर पुरानी पाइपलाइनें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे गंदा पानी सप्लाई में मिल जाता है। इसके बावजूद सरकार इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से काम करती नजर नहीं आती।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को विधानसभा में मजबूती के साथ उठाया। उन्होंने बताया कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के विषय में प्रश्न भी लगाया गया था, लेकिन सरकार इस पर चर्चा से बचती नजर आई। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास ठोस योजनाएं और समाधान हैं तो उसे विधानसभा में खुलकर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है।

श्री सिंघार ने कहा कि किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी अपने नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना होती है, जिनमें स्वच्छ पेयजल सबसे महत्वपूर्ण है। यदि लोगों को पीने के लिए साफ पानी ही नहीं मिलेगा तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ेंगी और इसका सीधा असर समाज और अर्थव्यवस्था दोनों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को इस दिशा में ठोस और दीर्घकालिक योजनाएं बनाकर काम करना चाहिए ताकि हर नागरिक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

कटनी आगमन के दौरान छिंदवाड़ा प्रभारी एवं जिला कांग्रेस शहर तथा ग्रामीण के पूर्व जिला अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने अपने मित्र एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। स्वागत के इस भावुक क्षण में उमंग सिंघार ने मुस्कुराते हुए कहा कि “मेरा मित्र आ गया”, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच उत्साह का माहौल बन गया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी नेता प्रतिपक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, जनसमस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिला शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा जगवानी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुलाम जाफर, पूर्व प्रदेश सचिव विवेक पांडे ‘गोल्डन’, पूर्व पार्षद मनोज गुप्ता, रॉबिन पीटर जॉर्ज डेविड, संदीप पप्पू बाजपेई, पूर्व अध्यक्ष विजय पटेल, शिवकुमार यादव जालिम,माया चौधरी, मुमताज बेगम, पूर्व पार्षद संदीप यादव ‘गुड्डू’, अजय जैसवानी, एडवोकेट संदीप जायसवाल, जीतू, मुन्नालाल कुशवाहा, श्याम पाहुजा, श्याम यादव, दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी और जनता की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों पर कांग्रेस लगातार सरकार से जवाब मांगती रहेगी और जनता के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।

ग्रामीण खबर MP-
जनमानस की निष्पक्ष आवाज
प्रधान संपादक:अज्जू सोनी। संपर्क:9977110734

Post a Comment

Previous Post Next Post